PK का मंगल पांडेय पर करारा वार: “25 लाख मान लिए, 61 लाख का हिसाब दें, नहीं तो हम बताएंगे”

10 अगस्त 2025, नालंदा: नालंदा के हरनौत में जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) ने आज एक बार फिर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय पर सीधे-सीधे भ्रष्टाचार के आरोपों की बौछार कर दी। बिहार बदलाव यात्रा के दौरान आयोजित जनसभा के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में मंगल पांडेय को खुली चुनौती दी।

PK ने कहा—

“मंगल पांडेय ने मान लिया कि दिलीप जायसवाल से 25 लाख रुपये लिए। अब ये बताएं कि फ्लैट खरीदने के लिए बाकी 61 लाख किससे लिए? अगर नहीं बताए तो 7 दिन में हम खुद बता देंगे।”

उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि अगर कर्ज लेना था तो खुद क्यों नहीं लिया? पिताजी के अकाउंट में लेकर पत्नी को क्यों भेजा?

NOC और मेडिकल कॉलेज पर हमला

PK ने मंगल पांडेय के इस दावे को भी झूठ बताया कि किशनगंज के एमजीएम मेडिकल कॉलेज को मान्यता देने में स्वास्थ्य विभाग का कोई रोल नहीं है। PK का कहना था—

“जब तक स्वास्थ्य विभाग NOC नहीं देता, UGC डीम्ड यूनिवर्सिटी की मान्यता नहीं देती। इसका मतलब साफ है कि मंगल पांडेय ने NOC देकर दिलीप जायसवाल की मदद की, और बदले में फ्लैट खरीदा।”

एम्बुलेंस पेमेंट का मामला गरमाया

प्रशांत किशोर यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि साल 2022 में खरीदी गई 450 एम्बुलेंस का करीब 100 करोड़ रुपये का भुगतान पहले ही एम्बुलेंस कंपनी को किया जा चुका है, जबकि मंगल पांडेय दावा कर रहे हैं कि कोई पेमेंट नहीं हुआ। PK ने तंज कसा कि मामला कोर्ट में जाने के कारण बाकी भुगतान रुका है, लेकिन मंत्री जी सच्चाई छुपा रहे हैं।

सियासी माहौल में तड़का

PK के इस पलटवार से नालंदा की सियासी गर्मी और बढ़ गई है। उन्होंने साफ कह दिया कि अगर मंगल पांडेय ने 61 लाख के स्रोत का खुलासा नहीं किया, तो वह खुद सबूतों के साथ सामने आएंगे।


 

  • Related Posts