सारण में खूनी तांडव: युवक ने 8 लोगों को चाकू से गोदा, भीड़ की पिटाई से हुई मौत

छपरा (सारण), 10 अगस्त 2025 – बिहार के सारण जिले में रविवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जब एक युवक ने अचानक 8 लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। घायलों में महिलाएं, पुरुष और मासूम बच्चे भी शामिल हैं। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी की जमकर पिटाई की, जिससे उसकी अस्पताल में मौत हो गई।

डीह छपरा गांव में मचा हड़कंप

मामला तरैया थाना क्षेत्र के डीह छपरा गांव का है। बताया जाता है कि आरोपी युवक बिट्टू तिवारी (निवासी – मशरख थाना) बाइक से गांव पहुंचा था। वहां किसी महिला से उसका विवाद हो गया और देखते ही देखते वह बेकाबू हो गया। हाथ में चाकू लेकर उसने आसपास मौजूद लोगों पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए।

8 लोग लहूलुहान, बच्चों का पेट फाड़ दिया

हमले में 5 वर्षीय अनीश गिरी, 6 वर्षीय मोगल कुमार, 55 वर्षीय सुनैना देवी, 40 वर्षीय सुनीता देवी, 65 वर्षीय सांवरिया देवी, और 45 वर्षीय रोमा कुंवर समेत 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, “हमले में बच्चों और महिलाओं का पेट तक फट गया, जिससे हालात बेहद नाजुक हो गए।”

गुस्साए गांववालों ने पीट-पीटकर मार डाला

वारदात के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने आरोपी बिट्टू तिवारी को पकड़कर जमकर पीटा। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से बचाकर छपरा सदर अस्पताल ले गई, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घायलों की हालत गंभीर, दो पीएमसीएच रेफर

घायलों को पहले तरैया अस्पताल, फिर छपरा सदर अस्पताल ले जाया गया। इनमें से एक बच्चा और एक महिला की हालत गंभीर होने पर उन्हें पटना के पीएमसीएच रेफर किया गया।

पुलिस-प्रशासन अलर्ट

एसएसपी कुमार आशीष ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कहा,

“आरोपी ने 8 लोगों पर हमला किया, जिनमें से दो की हालत बेहद गंभीर है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।”


 

  • Related Posts