पटना — बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने अपने दो वोटर कार्ड (EPIC) मामले में चुनाव आयोग को लिखित जवाब भेज दिया है।
शनिवार को राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद प्रो. मनोज झा ने इसकी जानकारी दी।
“अब फैसला चुनाव आयोग के हाथ”
राजद प्रवक्ता प्रो. मनोज झा ने पत्रकारों से कहा —
“नेता प्रतिपक्ष ने इस मामले में पूरा लिखित जवाब दे दिया है। अब यह चुनाव आयोग पर निर्भर करता है कि वह क्या फैसला करता है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर में दो EPIC नंबर के सैकड़ों उदाहरण पहले से मौजूद हैं, लेकिन आयोग इस पर गंभीर नहीं है।
चुनाव आयोग पर कड़ा हमला
प्रो. झा ने कहा —
“चुनाव आयोग में इतना अहंकार है कि कहा नहीं जा सकता। अहंकार तभी अच्छा लगता है जब उसके साथ बुद्धि और संवेदनशीलता भी हो।”
उन्होंने सुझाव दिया कि आयोग को अपने पूर्व के चुनाव आयुक्तों के कामकाज से सीख लेनी चाहिए।
साथ ही चेतावनी दी कि अगर हालात ऐसे ही रहे, तो भारत का चुनाव आयोग भी उसी स्थिति में पहुंच जाएगा, जैसी बांग्लादेश के चुनाव आयोग की हो गई थी।
तेजस्वी का ‘रिकॉर्ड नॉट फाउंड’ दावा
हाल ही में तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत के दौरान अपना EPIC नंबर चुनाव आयोग की वेबसाइट पर डालकर चेक किया था।
उनके अनुसार, वेबसाइट पर “रिकॉर्ड नॉट फाउंड” दिखा, जिससे उन्होंने सवाल उठाया कि जब रिकॉर्ड ही नहीं है तो आरोप किस आधार पर लग रहे हैं।


