पटना, 09 अगस्त 2025: राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग 16 अगस्त से 20 सितम्बर 2025 तक पूरे बिहार में राजस्व महा–अभियान चलाने जा रहा है। इसका उद्देश्य रैयतों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना और राजस्व सेवाओं को सीधे लोगों के दरवाजे तक पहुंचाना है।
इस महा-अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों और विभिन्न सेवा संघों के साथ 10 अगस्त (रविवार) को सुबह 10:30 बजे राजस्व (सर्वे) प्रशिक्षण संस्थान, शास्त्रीनगर, पटना में उच्चस्तरीय बैठक होगी, जिसकी अध्यक्षता अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह करेंगे।
बैठक में आमंत्रित संगठन
- बिहार प्रशासनिक सेवा संघ
- बिहार राजस्व सेवा संघ
- यूनाइटेड राजस्व सेवा संघ
- सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी संघ
- मुखिया संघ
- पंच-सरपंच संघ
- ग्राम कचहरी सचिव संघ
- पंचायत सचिव संघ
- बिहार राजस्व अमीन संघ
- बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ
- भूमि सुधार कर्मचारी संघ (गोप गुट)
- बिहार राज्य जिला परिषद संघ
- वार्ड सदस्य संघ
- ग्राम कचहरी न्यायमित्र संघ
महा-अभियान में क्या होगा खास
- डिजिटाइज्ड जमाबंदियों की त्रुटियों का सुधार
- छूटी हुई जमाबंदियों का ऑनलाइन दर्जीकरण
- उत्तराधिकार नामांतरण और संयुक्त संपत्ति बंटवारा नामांतरण के लिए आवेदन स्वीकार
- घर–घर जाकर जमाबंदी की प्रति और आवेदन प्रपत्र का वितरण
- हल्का स्तर पर शिविर लगाकर आवेदन व दस्तावेज संग्रह
विभाग के वरीय अधिकारियों द्वारा मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार अपील की जा रही है कि आमजन जागरूक रहें और सक्रिय भागीदारी करें। अभियान की हर गतिविधि की जानकारी विभाग के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में सभी संगठनों से सुझाव भी आमंत्रित किए जाएंगे ताकि महा–अभियान और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। इस दौरान विभाग के सचिव एवं अन्य वरीय अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।


