कांवड़िए के भेष में ट्रेन यात्रियों को बनाते थे शिकार, पटना जंक्शन पर 7 की गिरफ्तारी – ऑपरेशन क्लीन में पुलिस की बड़ी कामयाबी

पटना, 09 अगस्त 2025।बिहार की राजधानी पटना में रेलवे पुलिस ने एक ऐसे अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो कांवड़िए का भेष धरकर ट्रेनों और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल और सोने के गहने उड़ाने में माहिर था। ऑपरेशन क्लीन के तहत चलाए गए इस विशेष अभियान में पुलिस ने गिरोह के सरगना मोहम्मद शानु समेत 7 बदमाशों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया और उनके पास से 6 महंगे स्मार्टफोन और एक सोने का मंगलसूत्र बरामद किया। बरामद माल की कुल कीमत करीब 1.60 लाख रुपये आंकी गई है।

कैसे चढ़े पुलिस के हत्थे?

8 अगस्त को पटना जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) ने संयुक्त रूप से विशेष चेकिंग अभियान चला रखा था। प्लेटफॉर्म नंबर 6/7 के पूर्वी छोर पर पुलिस को दो संदिग्ध कांवड़िए नज़र आए, जो पुलिस को देखते ही भागने लगे। शक होने पर टीम ने घेराबंदी कर दोनों को दबोचा। इसके बाद आसपास मौजूद अन्य संदिग्धों को भी पकड़ लिया गया।

पूछताछ में पता चला कि ये सभी ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों के बीच कांवड़ यात्रा के दौरान घुलमिलकर मोबाइल, लैपटॉप और सोने के गहने चुरा लेते थे। भीड़-भाड़ और धार्मिक माहौल का फायदा उठाकर ये अपराध को अंजाम देते और तुरंत स्टेशन से निकल भागते।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

  1. मोहम्मद शानु (32) – सरगना, करबिगहिया कब्रिस्तान के पीछे, थाना जक्कनपुर, पटना
  2. विजय कुमार (20) – इसलामपुर, नालंदा
  3. राजू कुमार (25) – कुर्था, अरवल
  4. हर्षित कुमार (22) – पटना सिटी
  5. गणेश कुमार (22) – जेठुली, पटना
  6. छोटन कुमार (19) – बुद्धा कॉलोनी, पटना
  7. सूरज कुमार (19) – करबिगहिया, पटना

पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से ही कई संगीन मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, चैन स्नैचिंग और अवैध सामान की तस्करी शामिल है। इन पर पहले भी पटना जंक्शन रेल थाना में कई मामले दर्ज हो चुके हैं।

ऑपरेशन क्लीन की सफलता

रेल पुलिस ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और अपराध पर नकेल कसने के लिए ऑपरेशन क्लीन लगातार चलाया जा रहा है। टीम में GRP और RPF के अधिकारी और जवान शामिल थे, जिनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से यह बड़ी सफलता मिली।

पुलिस की अपील – रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रा करते समय सतर्क रहें, संदिग्ध व्यक्ति दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।


 

WhatsApp Channel VOB का चैनल JOIN करें
  • Related Posts

    बिहार में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज, अश्विनी चौबे ने सरकार को दी नसीहत—“पहले रैन बसेरा बनाइए, फिर गरीबों को हटाइए, अन्याय बर्दाश्त नहीं”

    Continue reading