
भागलपुर 7 अगस्त 2025 — शहर के औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों के लोग आज बिजली संकट से जूझेंगे। बरारी पावर सबस्टेशन से जुड़ा इंडस्ट्रीयल फीडर गुरुवार को सुबह 11:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान केबल वायर बिछाने और तकनीकी कार्य किया जाएगा। सहायक अभियंता विक्रम सिंह ने बताया कि इस शटडाउन के चलते बरारी बियाडा क्षेत्र सहित कई औद्योगिक इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
इसी क्रम में मोजाहिदपुर सब डिवीजन और विक्रमशिला फीडर से भी सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सप्लाई ठप रहेगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान नई केबल लाइन बिछाने के साथ-साथ जर्जर तारों और पोल की मरम्मत की जाएगी।
इन इलाकों में रहेगी बिजली कटौती:
- बरारी बियाडा इंडस्ट्रियल एरिया
- भोलानाथ फीडर अंतर्गत लालूचक भट्ठा और आसपास के मोहल्ले
- पटल बाबू फीडर अंतर्गत रेलवे स्टेशन गेट संख्या छह के पास
- जय विहार कॉलोनी, आनंद विहार कॉलोनी, रूप विहार कॉलोनी
- इशाकचक, लालूचक भट्ठा, 12 नंबर गुमटी, अंगारी और आसपास के इलाके
विभाग ने की अपील:
तिलकामांझी के सहायक अभियंता विक्रम कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि “इसमें किसी प्रकार की तकनीकी कोताही नहीं बरती जा रही है। यह कार्य मेंटेनेंस और अपग्रेडेशन के तहत किया जा रहा है, ताकि भविष्य में उपभोक्ताओं को सुचारू बिजली आपूर्ति मिल सके।”
बिजली कटौती से पहले उपभोक्ताओं को अपने जरूरी कार्य निपटा लेने की सलाह दी गई है। खासकर पानी स्टोर करके रखने, मोबाइल और आवश्यक उपकरण चार्ज कर लेने की अपील की गई है। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि जैसे ही कार्य पूरा होगा, बिजली आपूर्ति तत्काल बहाल कर दी जाएगी।


