भागलपुर, 6 अगस्त | शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और सरकारी स्कूलों की बदहाली के खिलाफ आम आदमी पार्टी (AAP) ने सोमवार को भागलपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। ‘स्कूल बचाओ आंदोलन’ के तहत निकाली गई पदयात्रा में आम नागरिकों, छात्रों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस आंदोलन का नेतृत्व भागलपुर लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी और पार्टी के नेता ई. सत्येंद्र कुमार ने किया।
पदयात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई जिला समाहरणालय पहुंची, जहां पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को एक मांग पत्र सौंपा। इसमें दिल्ली सरकार की तरह बिहार में भी शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई।
‘बिहार मांगे केजरीवाल मॉडल’ के नारे गूंजे
पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने “बिहार मांगे केजरीवाल मॉडल”, “स्कूल बचाओ – भविष्य बचाओ” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों के हाथों में बैनर और तख्तियां थीं, जिन पर सरकारी स्कूलों की दुर्दशा के विरुद्ध संदेश लिखे थे।
“बिहार की शिक्षा व्यवस्था बेहद बदहाल” – AAP
पदयात्रा में शामिल प्रदेश संयुक्त सचिव सैफुल इस्लाम ने कहा,
“बिहार के सरकारी स्कूलों में न तो पर्याप्त शिक्षक हैं और न ही बुनियादी सुविधाएं। अगर दिल्ली की तर्ज पर यहां भी केजरीवाल सरकार की नीतियां लागू की जाएं, तो शिक्षा में क्रांतिकारी बदलाव आ सकता है।”
प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव ने कहा कि आम आदमी पार्टी अब बिहार में भी एक मजबूत विकल्प बन रही है।
“जनता पारंपरिक दलों से ऊब चुकी है और बदलाव चाहती है। ‘स्कूल बचाओ आंदोलन’ के माध्यम से हम पूरे बिहार में शिक्षा के मुद्दे को प्रमुखता से उठाएंगे।”
अन्य संगठनों का मिला समर्थन
इस कार्यक्रम में केला भेद दर्शन पार्टी के कई पदाधिकारी और सदस्यों ने भी भाग लिया। उन्होंने शिक्षा को राजनीति से ऊपर रखने की अपील करते हुए इस अभियान को अपना समर्थन दिया।
प्रशासन को सौंपा गया मांग पत्र
पदयात्रा का समापन जिला समाहरणालय परिसर में हुआ, जहां आम आदमी पार्टी के नेताओं ने प्रशासनिक अधिकारियों को मांग पत्र सौंपा। इसमें सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने, शिक्षकों की भर्ती, आधारभूत ढांचे के विकास और शिक्षा में पारदर्शिता लाने की मांगें शामिल थीं।


