प्रेम में उलझे जज़्बात ने ले ली जान: दरियापुर में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, गर्लफ्रेंड से फोन पर कहासुनी के बाद उठाया खौफनाक कदम

भागलपुर | 6 अगस्त 2025: भागलपुर जिले के सजौर थाना क्षेत्र अंतर्गत दरियापुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 22 वर्षीय युवक मुन्ना कुमार हरि ने सोमवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार की दोपहर जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को शक हुआ। दरवाजा तोड़ा गया, जहां युवक का शव फंदे से झूलता मिला।

गर्लफ्रेंड से झगड़ा बना मौत की वजह

मृतक के परिजनों ने बताया कि घटना से ठीक पहले मुन्ना कुमार की अपनी गर्लफ्रेंड से फोन पर लंबी बातचीत हुई थी। इस दौरान दोनों में कहासुनी और बहस हुई। मोबाइल फोन और व्हाट्सएप चैट में प्रेम-प्रसंग से जुड़ी कई बातें सामने आई हैं। बहस के कुछ ही देर बाद मुन्ना ने घर के अंदर दुपट्टे से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।

तीन महीने से ननिहाल में रह रहा था युवक

मृतक मुन्ना मूल रूप से भागलपुर के मायागंज का रहने वाला था और वसंत हरि का बड़ा पुत्र था। बीते तीन महीने से वह अपने रिश्तेदार रंजीत हरि के दरियापुर स्थित घर में छोटे भाई निहाल कुमार के साथ किराये पर रह रहा था। परिजनों के अनुसार, लड़की पक्ष की ओर से धमकियां मिलने के कारण ही मुन्ना को मायागंज से हटाकर ननिहाल भेजा गया था, ताकि वह मानसिक रूप से ठीक रह सके।

शादी का दबाव बना रही थी लड़की, पहले भी मिल चुकी थी धमकी

मुन्ना की मां ने आरोप लगाया कि खंजरपुर निवासी शेखर हरि की बेटी रानी कुमारी से बेटे का पिछले एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़की दिल्ली में रहती है और आए दिन शादी का दबाव बनाती थी। कुछ महीनों पहले लड़की और उसके परिजनों ने मायागंज स्थित घर पर जाकर गोली मारने तक की धमकी दी थी। इसके बाद से ही परिवार डरा-सहमा था और मुन्ना को दरियापुर भेज दिया गया था।

रात में हुई बहस, सुबह मिली मौत की खबर

बताया जा रहा है कि सोमवार की रात लड़की ने मुन्ना को फोन किया था। दोनों के बीच बहस हुई। इसी बीच मुन्ना ने कमरे के अंदर जाकर फांसी लगा ली। छोटे भाई निहाल उस वक्त पास ही नानी के घर में सो रहा था। सुबह जब लोगों ने दरवाजा नहीं खुला देखा तो परिजनों को सूचना दी गई। कमरे का दरवाजा तोड़ा गया तो सबके होश उड़ गए।

ग्रामीणों में शोक, पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही सजौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मोबाइल चैट, कॉल डिटेल और पारिवारिक बयान के आधार पर कार्रवाई होगी।

परिवार पूरी तरह सदमे में

मुन्ना की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने साफ कहा कि “अगर समय रहते लड़की और उसके परिजनों पर कार्रवाई होती तो मेरा बेटा आज जिंदा होता।” वहीं मुहल्ले में मातम पसरा है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।


Voice of Bihar की अपील:
अगर आप या आपके किसी जानने वाले को मानसिक तनाव, डिप्रेशन या आत्महत्या जैसे विचार आ रहे हैं, तो कृपया नजदीकी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें। आपकी ज़िंदगी कीमती है।


 

  • Related Posts

    पटना में पुलिस और बदमाशों के बीच ‘एनकाउंटर’! छपरा के अपराधी के पैर में लगी गोली; 1200 कारतूसों का जखीरा देख पुलिस भी दंग

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    जदयू दफ्तर में ‘निशांत’ की धमक! सदस्यता के चौथे दिन ही संभाला मोर्चा; कार्यकर्ताओं से बोले- “युवाओं को जोड़ो, पिता के काम को घर-घर पहुंचाओ”

    Share Add as a preferred…

    Continue reading