तेजप्रताप यादव का नया सियासी गठबंधन, वीवीआईपी पार्टी के साथ मिलकर लड़ेंगे चुनाव

पटना। पार्टी और परिवार दोनों से किनारा कर चुके बिहार के पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव ने अब विकास वंचित इंसान पार्टी (वीवीआईपी) के साथ मिलकर चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान किया है। उन्होंने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से इस नए राजनीतिक गठबंधन की औपचारिक घोषणा की।

तेजप्रताप यादव ने बताया कि उनकी राजनीतिक संस्था ‘टीम तेजप्रताप यादव’ अब वीवीआईपी पार्टी के साथ मिलकर आगामी चुनावों में भाग लेगी। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन सामाजिक न्याय, वंचित वर्गों की आवाज और युवाओं को राजनीतिक भागीदारी देने की दिशा में एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगा।

मौके पर वीवीआईपी अध्यक्ष और कई नेता रहे मौजूद

गठबंधन की घोषणा के दौरान वीवीआईपी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप निषाद भी मंच पर मौजूद रहे। उनके साथ-साथ संगठन के वरिष्ठ नेता राकेश कुमार, अवनीश कुमार, छोटे लाल सहनी, मोतीलाल राय, शंकर चौधरी और शिवेन्द्र निषाद भी उपस्थित थे।

प्रदीप निषाद ने कहा कि तेजप्रताप यादव के साथ मिलकर काम करने से संगठन को न केवल मजबूती मिलेगी, बल्कि युवाओं और पिछड़े वर्गों में एक नई ऊर्जा का संचार होगा। उन्होंने इस गठबंधन को बिहार की राजनीति में “विकल्प की नई लहर” करार दिया।

पार्टी से निष्कासन के बाद नया सियासी अध्याय

गौरतलब है कि तेजप्रताप यादव को हाल ही में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से बाहर कर दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर कई तरह के संकेत दिए थे। अब वीवीआईपी पार्टी से गठबंधन कर उन्होंने अपने नए सियासी अध्याय की औपचारिक शुरुआत कर दी है।

राजनीतिक विश्लेषकों की नजरें गठबंधन पर टिकीं

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि तेजप्रताप यादव का यह कदम बिहार की राजनीति में दिलचस्प मोड़ ला सकता है, खासकर युवा मतदाताओं और गैर-परंपरागत वर्गों के बीच। आने वाले दिनों में यह गठबंधन कितनी प्रभावी भूमिका निभाता है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।


 

  • ये भी पढ़े..

    मुहर्रम जुलूस के दौरान ड्यूटी पर तैनात एसआई का तलवार लहराते वीडियो वायरल, एसएसपी ने दिए जांच के आदेश

    Share Add as a preferred…

    भागलपुर की 238 पंचायतों में आज पंचायत विकास दिवस, महिला सशक्तिकरण और मद्यनिषेध अभियान पर रहेगा विशेष फोकस

    Share Add as a preferred…