भागलपुर, 6 अगस्त 2025: शिवभक्ति के पावन महीने में हुए शाहकुंड हादसे ने कई परिवारों को हमेशा के लिए उजाड़ दिया था। आज उस दिल दहला देने वाले हादसे के शिकार पांच कांवड़ियों के परिजनों को प्रशासन की ओर से चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि का चेक सौंपा गया। चेक वितरण का यह क्षण समीक्षा भवन सभागार में हुआ, लेकिन माहौल बोझिल और भावुकता से भर गया।
इस दौरान जब एक महिला अपने स्वजन की मौत के बाद चेक लेने मंच पर पहुंची, तो दर्द और शोक के सैलाब को संभाल नहीं सकी। वह रोते-रोते मंच पर ही बेहोश हो गई। सभागार में सन्नाटा छा गया।
मौके पर मौजूद ज़िलाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तुरंत महिला के पास पहुंचे, और खुद पानी का छींटा मारकर उसे होश में लाने की कोशिश की। यह दृश्य वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें नम कर गया।
शिवभक्ति में निकले थे, रास्ते में हो गया काल का ग्रास
बता दें कि यह हृदय विदारक हादसा शाहकुंड थाना क्षेत्र के महंत बाबा स्थान के पास हुआ था। सभी कांवड़िए सुल्तानगंज से जल भरकर जैठौरनाथ धाम की ओर जा रहे थे। रास्ते में उनकी पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे पांच श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई थी।
प्रशासन की तत्परता, संवेदनशीलता सराहनीय
हादसे के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतकों की पहचान सुनिश्चित की और उनके आश्रितों को त्वरित मुआवजा राशि प्रदान की। चेक वितरण कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधि और पीड़ित परिवार के सदस्य उपस्थित थे।
ज़िलाधिकारी ने सभी परिजनों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर संभव मदद के लिए तत्पर रहेगा।
अब भी झकझोर जाता है हादसे का मंजर
इस हादसे के ज़ख्म इतने गहरे हैं कि आर्थिक मदद से तो भरना मुश्किल है, लेकिन प्रशासन द्वारा की गई यह संवेदनशील पहल प्रभावित परिवारों के लिए थोड़ी राहत जरूर लाई है।
गांव में अब भी लोग उस रात को याद कर सिहर जाते हैं, जब बोल बम की जयघोष के बीच मातम की चीत्कार गूंज उठी थी।


