रेलवे ने किया स्वच्छता अभियान का शुभारंभ, 1 से 15 अगस्त तक देशभर के स्टेशनों पर चलेगा विशेष अभियान

नई दिल्ली | २ अगस्त 2025: स्वतंत्रता दिवस समारोहों को स्वच्छता के साथ जोड़ते हुए भारतीय रेलवे ने 1 अगस्त से 15 अगस्त, 2025 तक देशभर के 7,000 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान का उद्घाटन रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से किया। उन्होंने रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और स्वयं श्रमदान कर इस पहल को गति दी।

सतीश कुमार ने इस अवसर पर स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया, सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और यात्रियों से सीधा संवाद कर उनकी प्रतिक्रिया भी जानी। उन्होंने कहा,

“स्वच्छ भारत मिशन के तहत रेलवे ने उल्लेखनीय कार्य किया है। इस 15 दिवसीय अभियान के पश्चात अक्टूबर तक इसका दूसरा चरण भी चलेगा, जो सिर्फ एक अभियान नहीं बल्कि हमारी कार्य संस्कृति का हिस्सा बन चुका है।”

रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने यह भी बताया कि ट्रेनों में स्वच्छता को लेकर भी रेलवे सतर्क है। ‘क्लीन ट्रेन स्टेशन’ की व्यवस्था की गई है और रेल मदद ऐप पर आने वाली शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

इस मौके पर उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा, दिल्ली मंडल रेल प्रबंधक पुष्पेश रमण त्रिपाठी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

प्रमुख स्टेशन पर अभियान की झलक:

  • दिल्ली सराय रोहिल्ला: नवीन गुलाटी (सदस्य, इन्फ्रास्ट्रक्चर) ने की शुरुआत
  • हजरत निजामुद्दीन: ब्रज मोहन अग्रवाल (सदस्य, ट्रैक्शन व रोलिंग स्टॉक)
  • दिल्ली कैंट: हितेन्द्र मल्होत्रा (सदस्य, ऑपरेशन व बिजनेस डेवलपमेंट)
  • दिल्ली जंक्शन: उषा वेंणुगोपाल (सदस्य, वित्त)
  • आनंद विहार टर्मिनल: आर. राजगोपाल (महानिदेशक, मानव संसाधन)
  • फरीदाबाद: हरि शंकर वर्मा (महानिदेशक, सुरक्षा)
  • तुगलकाबाद: डॉ. जगदीश चंद्रा (महानिदेशक, रेलवे स्वास्थ्य सेवा)

अभियान के अंतर्गत स्टेशन परिसरों में सफाई, पौधारोपण, नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता, और सफाई उपकरणों का निरीक्षण जैसे कार्य किए जा रहे हैं।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि यात्रियों को स्वच्छ और बेहतर माहौल देने की दिशा में एक दीर्घकालिक प्रयास है।


 

  • Related Posts

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *