
पटना। बिहार के क्रिकेट प्रेमियों के लिए गर्व की खबर है। राज्य के उभरते हुए बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का चयन भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में हुआ है। उन्हें आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टीम में शामिल किया गया है, जो 21 सितंबर से 10 अक्टूबर 2025 तक आयोजित किया जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया में होगा चुनौतीपूर्ण दौरा
भारत अंडर-19 टीम इस दौरे पर तीन एकदिवसीय और दो बहु-दिवसीय मुकाबले खेलेगी। ये सभी मैच ऑस्ट्रेलिया के नॉर्थ्स ग्राउंड में आयोजित होंगे। इस दौरे को भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने भविष्य की तैयारियों के रूप में अहम माना है।
टीम में दिग्गज युवा चेहरे
भारत अंडर-19 टीम की कमान आयुष म्हात्रे को सौंपी गई है, जबकि विहान मल्होत्रा उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे। टीम में वैभव सूर्यवंशी के अलावा वेदांत त्रिवेदी, राहुल कुमार, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर) सहित अन्य प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी शामिल हैं।
आईपीएल और इंग्लैंड दौरे पर मचाया था धमाल
वैभव सूर्यवंशी पिछले कुछ महीनों में देशभर में अपनी बल्लेबाजी प्रतिभा को लेकर चर्चा में रहे हैं। आईपीएल 2025 में उनके प्रदर्शन ने राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया था। इसके बाद इंग्लैंड दौरे पर खेले गए चौथे एकदिवसीय मैच में उन्होंने महज 52 गेंदों में शतक लगाकर नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया। यह अब तक का सबसे तेज अंडर-19 शतक माना जा रहा है।
बिहार क्रिकेट के लिए गर्व का क्षण
बिहार क्रिकेट संघ (बीसीए) के अध्यक्ष राकेश तिवारी ने वैभव को बधाई देते हुए कहा,
“वैभव सूर्यवंशी का चयन उनकी कठिन मेहनत और प्रतिभा का प्रमाण है। यह बिहार क्रिकेट की नई दिशा और मजबूत होती नींव का भी संकेत है। राज्य से राष्ट्रीय टीम में खिलाड़ियों का चयन भविष्य में और तेजी से होगा।”
स्थानीय खिलाड़ियों में उत्साह
वैभव के चयन से बिहार के युवाओं में नया जोश देखने को मिल रहा है। खासकर उन खिलाड़ियों में जो सीमित संसाधनों में अभ्यास कर राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने का सपना देखते हैं। वैभव की यह सफलता उनके लिए एक प्रेरणा है।


