बांका | अमरपुर | 24 जुलाई 2025 — बांका जिले के अमरपुर प्रखंड के बनहरा गांव में अंधविश्वास की आड़ में एक महिला और उसके बेटे के साथ क्रूरता की घटना सामने आई है। गांव के कुछ लोगों ने वीणा देवी और उनके पुत्र आसीस कुमार को डायन बताकर बेरहमी से पीटा, जिसके बाद दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़िता का आरोप — जादू-टोना का झूठा आरोप लगाकर किया हमला
अमरपुर रेफरल अस्पताल में इलाज करा रहीं पीड़िता वीणा देवी ने बताया कि गांव के रेखा देवी, मुकेश तांती और तुलसी देवी ने उन पर टोना-टोटका करने का आरोप लगाते हुए घर खाली करने का दबाव डाला। विरोध करने पर उन पर और उनके बेटे पर हमला कर दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने कहा कि वीणा देवी ने उनके घर की बहू पर टोना किया है, जिससे वह बीमार हो गई है।
थाने में मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
पीड़िता ने अमरपुर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अंधविश्वास पर उठते सवाल, सामाजिक संगठनों की सख्त कार्रवाई की मांग
यह घटना अंधविश्वास के चलते महिलाओं पर अत्याचार की एक और कड़ी बन गई है। सामाजिक कार्यकर्ताओं और महिला संगठनों ने घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से दोषियों पर त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न दोहराई जाएं।


