
नालंदा | 21 जुलाई 2025 — बिहार के नालंदा जिले के एकंगरसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत रक्शा गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच शनिवार को जमकर मारपीट और फायरिंग हुई। इस दौरान क्षेत्रीय राजद नेता हेमंत कुमार पर कई राउंड फायरिंग की गई। एक गोली उनके सिर को छूते हुए निकल गई, जिससे वे बाल-बाल बच गए। इसके अलावा उन्हें पीटकर बुरी तरह जख्मी कर दिया गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और एक बाइक में आग लगा दी। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया।
आरजेडी नेता का बयान: प्रशासनिक मिलीभगत का आरोप
घायल हेमंत कुमार को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि दो साल से भूमि विवाद चल रहा है, जिसकी कई बार शिकायत जनता दरबार में की गई, लेकिन सीओ और पुलिस प्रशासन की मिलीभगत के कारण कोई कार्रवाई नहीं हुई।
“बदमाशों ने मुझे घर से बाहर बुलाया और 5 राउंड फायरिंग की। एक गोली सिर को छूकर निकल गई, जिससे जान बच गई।”
— हेमंत कुमार, राजद नेता
पथराव और आगजनी के बीच पुलिस बल तैनात
घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने रोड जाम कर दिया और जमकर हंगामा किया। स्थिति बिगड़ती देख हिलसा एसडीपीओ अमित कुमार पटेल, डीएसपी गोपाल कृष्ण समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह हालात पर काबू पाया। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी घायल भी हुए।
“हमें पहले सूचना मिली थी कि गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हुई है, लेकिन जांच में यह मात्र मारपीट की घटना पाई गई। घायल का इलाज चल रहा है। लोगों ने अफवाहों के आधार पर बवाल मचाया और जब पुलिस ने समझाने की कोशिश की तो पथराव कर दिया गया।”
— गोपाल कृष्ण, हिलसा डीएसपी-2
अफवाहों के बीच तनाव, कई हिरासत में
हिलसा एसडीपीओ अमित कुमार पटेल ने बताया कि अफवाह थी कि गोली से मौत हो गई है, जबकि वास्तविकता में सिर पर गंभीर चोट आई है। उन्होंने कहा कि कुछ उपद्रवियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और घटना का वीडियो भी सामने आया है।
गांव में पुलिस कैंप, हालात तनावपूर्ण
फिलहाल गांव में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और घटना में शामिल आरोपितों की तलाश जारी है।


