
भागलपुर | 21 जुलाई 2025 — जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को उनके कार्यालय कक्ष में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाढ़ से निपटने की तैयारियों, विकास योजनाओं, सड़क मरम्मत, भू-अर्जन और जन शिकायतों के त्वरित निष्पादन पर गहन मंथन किया गया।
बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा
बैठक की शुरुआत आपदा प्रबंधन की समीक्षा से हुई। अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) कुंदन कुमार ने बताया कि बाढ़ से निपटने के लिए एसडीआरएफ की 12 टीमें भागलपुर में तैनात हैं। 22 हजार पॉलिथीन शीट, जीवन रक्षक दवाएं, पशु चारा, 171 शरण स्थल, 166 सामुदायिक किचन, और 128 निजी नावों की सूची तैयार की गई है।
इस्माइलपुर के बिंद टोली क्षेत्र में स्पर संख्या 7 और 8 के बीच 242 मीटर में स्टील शीट की दीवार तैयार की गई है। जिलाधिकारी ने नवगछिया अंचल के कार्यपालक अभियंता को सभी खतरनाक तटबंध बिंदुओं की सूची तैयार कर विभाग को तत्काल देने का निर्देश दिया।
आपदा पोर्टल पर डाटा सत्यापन का निर्देश
आईटी मैनेजर पूनम कुमारी ने बताया कि 4.06 लाख परिवारों का डाटा संपूर्ति पोर्टल पर अपलोड किया गया है। जिलाधिकारी ने शुक्रवार तक अनुश्रवण समिति से डाटा सत्यापन पूरा कराने का आदेश दिया।
वर्तमान में 95 लाइफ जैकेट उपलब्ध हैं और 200 के लिए निविदा जारी की गई है। बच्चों के लिए भी 100 लाइफ जैकेट खरीदने का निर्देश जिलाधिकारी ने दिया।
भूमि अधिग्रहण की प्रगति
भू-अर्जन पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि रेलवे परियोजना के तहत 18 में से 15 स्थानों पर भूमि अधिग्रहण पूरा हो गया है। जिलाधिकारी ने अधिग्रहण मानचित्र बड़े स्केल पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ताकि प्लॉट की स्थिति स्पष्ट हो सके।
विकास योजनाओं की समीक्षा
विकास शाखा ने अपशिष्ट प्रसंस्करण, स्वच्छता अभियान, डोर-टू-डोर कचरा उठाव, आवास योजना और मनरेगा की स्थिति से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह को सभी योजनाओं की स्वतंत्र समीक्षा करने का निर्देश दिया।
भागलपुर बना RTPS में राज्य में प्रथम
आरटीपीएस रैंकिंग में भागलपुर जिला 21वें से पहले स्थान पर पहुंच गया है। जिलाधिकारी ने आईटी प्रबंधक पूनम कुमारी को बधाई दी। पूनम ने इसका श्रेय जिलाधिकारी के नेतृत्व को दिया।
जन शिकायतों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार मिश्रा को निर्देश दिया गया कि सीपी ग्राम, ई-डैशबोर्ड और अन्य जन शिकायतों का त्वरित निपटारा करें। जिलाधिकारी ने कहा कि ये मामले उच्च स्तर से मॉनिटर किए जाते हैं।
सड़क मरम्मत और सुरक्षा पर भी चर्चा
एनएच के कार्यपालक अभियंता को भागलपुर जीरोमाइल से नवगछिया जीरोमाइल तक की सड़क की मरम्मत 48 घंटे में पूरी करने का निर्देश दिया गया। विक्रमशिला पुल पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उन्हें आईटीसीसी सेंटर से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
अन्य विभागों की समीक्षा
पंचायत सरकार भवन, बिजली, पीएचईडी और अन्य विभागों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


