
भागलपुर, 21 जुलाई 2025: न्याय प्रणाली को अधिक जनसुलभ, त्वरित और प्रभावी बनाने की दिशा में भागलपुर जिले में एक विशेष मध्यस्थता अभियान की शुरुआत की गई है। इस पहल के तहत सोमवार को भागलपुर व्यवहार न्यायालय परिसर से एक जागरूकता रथ को रवाना किया गया, जिसका उद्देश्य जिले भर में लोगों को मध्यस्थता (मेडिएशन) के लाभ और प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना है।
1 जुलाई से 30 सितंबर तक चलाया जाएगा अभियान
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार भागलपुर के निर्देश पर यह विशेष अभियान 1 जुलाई से 30 सितंबर 2025 तक 90 दिनों तक चलाया जाएगा। इस अवधि में न्यायालयों द्वारा अधिक से अधिक मामलों का समाधान मध्यस्थता के माध्यम से करने का प्रयास किया जाएगा।
न्यायाधीशों ने रथ को दिखाया हरी झंडी
जागरूकता रथ को फैमिली कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश राजकुमार राजपूत सहित भागलपुर न्यायालय के विभिन्न न्यायाधीशों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न गांवों और कस्बों में जाकर आमजन को विवाद निपटान के वैकल्पिक तरीकों, विशेषकर मध्यस्थता की प्रक्रिया और इसके लाभों की जानकारी देगा।
लक्ष्य: लंबित मामलों में कमी और न्याय की त्वरित उपलब्धता
अभियान का मुख्य उद्देश्य न्यायालयों में लंबित मामलों की संख्या को कम करना, जनता को कम खर्च में न्याय दिलाना, और विवादों को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने के लिए मध्यस्थता को प्रोत्साहित करना है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में भी न्याय प्रक्रिया के प्रति विश्वास बढ़ेगा।


