
भागलपुर, 21 जुलाई –लोदीपुर थाना क्षेत्र के कोहड़ा सरमसपुर गांव में सोमवार को जमीन विवाद को लेकर एक युवक ने अपने सगे भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने स्वयं थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण किया है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सुजीत कुमार के रूप में हुई है, जो सुबह घर पर कार्य कर रहा था। इसी दौरान उसका छोटा भाई सुमित कुमार वहां पहुंचा और आपसी विवाद के बीच उस पर चाकू से कई वार कर दिए। परिजन आनन-फानन में सुजीत को मायागंज अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जमीन विवाद को बताया जा रहा कारण
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच बाईपास के समीप स्थित एक जमीन को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। बताया गया कि आरोपी जमीन बेचने के लिए दबाव बना रहा था, जिससे पारिवारिक तनाव लगातार बढ़ रहा था।
घटना के बाद सुमित कुमार ने स्वयं लोदीपुर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया और अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है और मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।


