पटना: चंदन मिश्रा हत्याकांड में बड़ा खुलासा, मुख्य शूटर तौसीफ को कोलकाता से निशु खान समेत 3 सहयोगियों के साथ पकड़ा गया

पटना के बहुचर्चित गैंगस्टर चंदन मिश्रा हत्याकांड में पुलिस ने अब तक की सबसे अहम कार्रवाई करते हुए मुख्य शूटर तौसीफ उर्फ बादशाह को उसके मौसेरे भाई निशु खान, हर्ष और भीम के साथ कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया है। चारों आरोपितों को पटना लाने के लिए बिहार पुलिस की टीम रविवार रात ट्रांजिट रिमांड के साथ रवाना हो चुकी है।


वारदात के बाद कार से भागा था तौसीफ

पटना पुलिस के मुताबिक, तौसीफ ने हत्या के बाद निशु खान की कार से कोलकाता तक फरारी काटी। यह वही कार है, जिसे अब पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस ने फुलवारीशरीफ निवासी तौसीफ को इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड बताया है।


निशु के घर में बनी थी मर्डर की प्लानिंग

पटना SSP कार्तिकेय शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस हत्याकांड की पूरी साजिश समनपुरा स्थित निशु खान के घर में रची गई थी। उसी घर में सभी शूटरों को पनाह दी गई थी और वहीं से हत्या की योजना बनाई गई थी। निशु ने हत्या में सहयोग देने के अलावा फरारी में भी तौसीफ की सीधी मदद की।


कोलकाता में हुई गिरफ्तारी

तकनीकी विश्लेषण के बाद बिहार पुलिस को पता चला कि मुख्य शूटर तौसीफ वारदात के बाद पश्चिम बंगाल की ओर भागा है। इसके बाद कोलकाता STF और स्थानीय पुलिस की मदद से न्यू टाउन, आनंदपुर इलाके से सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।


तीन फरार शूटरों के घर चस्पा हुआ इश्तेहार

इस हत्याकांड में शामिल अन्य चार शूटरों में से तीन अब भी फरार हैं। पुलिस ने उनके घरों पर इश्तेहार चस्पा कर दिया है जबकि चौथे फरार आरोपी के खिलाफ भी प्रक्रिया जारी है।


17 जुलाई को पारस अस्पताल में की गई थी हत्या

गौरतलब है कि 17 जुलाई की सुबह पटना के पारस अस्पताल में 5 शूटरों ने कैदी चंदन मिश्रा को गोली मारकर हत्या कर दी थी। यह घटना अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर हुई, जिससे पूरे राज्य में सनसनी फैल गई थी।


आगे की कार्रवाई

पटना पुलिस का कहना है कि इस मामले में बाकी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही हत्या में शामिल साजिशकर्ताओं की सम्पत्ति और नेटवर्क की जांच भी की जा रही है।


यह गिरफ्तारी इस जघन्य हत्याकांड की तह तक पहुंचने की दिशा में बड़ी सफलता मानी जा रही है।

  • ये भी पढ़े..

    एलडीपी क्रिकेट क्लब के खिलाड़ियों को मिला नया ड्रेस सेट, अनुशासन और मेहनत को बताया सफलता की कुंजी

    Share Add as a preferred…

    डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह विवाद पर स्वास्थ्य विभाग का जवाब, जांच कमिटी गठित कर कार्रवाई की तैयारी

    Share Add as a preferred…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *