पटना/नई दिल्ली। आगामी बिहार विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर विपक्षी INDIA गठबंधन की एक अहम बैठक आज, शुक्रवार 19 जुलाई को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नई दिल्ली स्थित आवास पर आयोजित की जा रही है। बैठक में राजद नेता तेजस्वी यादव, कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरू समेत महागठबंधन के सभी घटक दलों के वरिष्ठ नेता शामिल हो रहे हैं।
सीट बंटवारे पर पहली औपचारिक चर्चा
यह बैठक आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सीट शेयरिंग को लेकर होने वाली पहली औपचारिक बातचीत के रूप में देखी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, बैठक में सीटों के प्रारंभिक फॉर्मूले, पुराने प्रदर्शन और वर्तमान जनाधार जैसे मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।
मानसून सत्र और चुनाव आयोग की भूमिका भी एजेंडे में
सिर्फ बिहार नहीं, बल्कि संसद के आगामी मानसून सत्र में केंद्र सरकार को किन मुद्दों पर घेरा जाए, इस पर भी विपक्षी दल रणनीति तय करेंगे। बैठक में स्पेशल समरी रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के माध्यम से वोटर लिस्ट से नाम हटाने के विपक्ष के आरोपों पर भी गंभीर चर्चा होगी।
विपक्ष का आरोप: ’12–15% वोटर्स के नाम हटाने की साजिश’
INDIA गठबंधन के नेताओं का आरोप है कि चुनाव आयोग की विशेष मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया के जरिए बिहार में 12 से 15 प्रतिशत मतदाताओं के नाम जानबूझकर हटाने की साजिश की जा रही है। उनका कहना है कि केंद्र की मोदी सरकार हार के डर से चुनावी हस्तक्षेप कर रही है और चुनाव आयोग संविधान के मूल सिद्धांतों से समझौता कर रहा है।
15 अप्रैल की बैठक के बाद अगला कदम
गौरतलब है कि 15 अप्रैल को मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हुई पिछली बैठक में गठबंधन ने एक को-ऑर्डिनेशन कमेटी का गठन किया था। आज की बैठक उसी कड़ी में अगला कदम मानी जा रही है, जिसमें बिहार केंद्रित रणनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर विपक्ष की एकजुटता को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।


