भागलपुर:शहर के सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की सुरक्षा एक बार फिर सवालों के घेरे में है। बुधवार को हॉस्पिटल प्रशासन उस समय हैरान रह गया जब उन्हें अस्पताल परिसर की दीवार टूटी हुई मिली और परिसर के भीतर दर्जनों भैंसे चरती पाई गईं।
हॉस्पिटल के उपाधीक्षक डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर यह स्पष्ट हुआ कि किसी ने जानबूझकर बाउंड्री तोड़कर भैंसों को अंदर छोड़ा है। करीब 40 से 50 भैंसे अस्पताल परिसर की सीमा पर घूमती हुई देखी गईं। इससे हॉस्पिटल की गरिमा और संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था पर भी खतरा मंडराने लगा है।
प्रशासन को दी गई सूचना
घटना की गंभीरता को देखते हुए हॉस्पिटल प्रशासन ने बरारी थाना को लिखित शिकायत दी है और डीएम व एसएसपी को इसकी कॉपी भेजी गई है। मायागंज अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अविलेश कुमार को भी इस पूरी घटना से अवगत कराया गया है।
अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी की तैयारी
डॉ. सिंह ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस को सभी जरूरी विवरण सौंप दिए गए हैं। इस हरकत को जानबूझकर किया गया कृत्य माना जा रहा है, ताकि अस्पताल परिसर को बाधित किया जा सके।
प्रशासन से मांग:
स्थानीय लोगों और चिकित्सा कर्मियों ने प्रशासन से अपील की है कि अस्पताल की सुरक्षा के लिए बाउंड्री की मरम्मत जल्द से जल्द कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
यह घटना ना सिर्फ सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की श्रेणी में आती है बल्कि स्वास्थ्य व्यवस्था के साथ गंभीर खिलवाड़ भी है।


