
पटना, 16 जुलाई 2025 — बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के सरकारी आवास पर सावन महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर नाग पंचमी अनुष्ठान का भी आयोजन किया गया, जिसमें सनातन संस्कृति की गूंज स्पष्ट सुनाई दी।
महोत्सव में बिहार सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय चौधरी, अशोक चौधरी, मंगल पांडेय सहित अनेक गणमान्य अतिथि शामिल हुए।
“सावन परंपरा और प्रकृति से जुड़ा महीना है” — विजय कुमार सिन्हा
कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों से बातचीत करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा,
“सावन महीना सनातन धर्म, संस्कृति और प्रकृति से गहराई से जुड़ा है। यह परंपरा और विरासत के साथ-साथ विकास की भावना को भी प्रेरित करता है।“
उन्होंने आगे कहा कि नाग पंचमी श्रद्धा, शांति और रक्षा का पावन पर्व है, जो समाज को भय और भ्रम से मुक्त कर सुख, शांति और समृद्धि की राह पर आगे ले जाने की प्रेरणा देता है।
“रोजगार और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार” — मुख्यमंत्री का नेतृत्व सराहनीय
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य सरकार एक करोड़ रोजगार सृजन और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने में निरंतर प्रयासरत है।
“हम सब मिलकर बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं,” उन्होंने कहा।


