पटना, 15 जुलाई 2025।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को 1 अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास परिसर में आम का पौधा लगाकर राज्यस्तरीय वन महोत्सव-2025 का शुभारंभ किया। यह आयोजन पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा किया गया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने-अपने घर, परिसर, खेत, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
वृक्षारोपण का व्यापक लक्ष्य
भारत में वन महोत्सव का आयोजन 1950 से हो रहा है, जिसका उद्देश्य पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना, वनों का संरक्षण करना और जन-जागरूकता को बढ़ावा देना है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह वृक्षारोपण अभियान आगामी तीन महीनों तक पूरे बिहार में संचालित किया जाएगा।
इस महाअभियान में वन विभाग के साथ-साथ ग्रामीण विकास विभाग, जीविका समूह, उद्यान निदेशालय, गैर सरकारी संस्थाएं और सामाजिक क्लब आदि भी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।
हरियाली मिशन से लेकर जल-जीवन-हरियाली तक
मुख्यमंत्री की पहल पर वर्ष 2012 में हरियाली मिशन की शुरुआत की गई थी, जिसके परिणामस्वरूप राज्य का हरित आवरण बढ़कर 15.05% हो चुका है। अब वर्ष 2028 तक इसे 17% तक ले जाने का लक्ष्य है।
वर्ष 2019 से शुरू जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत पौधारोपण के साथ-साथ जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और कृषि वानिकी को बढ़ावा दिया गया है। इस अभियान से ग्रामीण समुदाय, विशेषकर जीविका दीदियों और जंगल से सटे गांवों के लोगों को सीधे जोड़ा गया है। उन्हें फलदार पौधे निःशुल्क वितरित किए जा रहे हैं, जिससे पर्यावरणीय लाभ के साथ-साथ आर्थिक सशक्तिकरण भी संभव हो रहा है।
उपस्थित गणमान्य व्यक्ति
इस अवसर पर पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की अपर मुख्य सचिव हरजोत कौर बम्हारा ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, वन एवं पर्यावरण मंत्री सुनील कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, प्रधान मुख्य वन संरक्षक प्रभात कुमार गुप्ता, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


