भागलपुर: एक ही स्कूल में तीन बार चोरी, चोर ने पुलिस को दी खुली चुनौती

भागलपुर, 14 जुलाई 2025:जिले के रसलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भोलसर गांव स्थित नंदकिशोर सिंह भगवती देवी बालिका उच्च विद्यालय में चोरी की लगातार तीन घटनाओं ने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोर न सिर्फ स्कूल में बार-बार चोरी कर रहा है, बल्कि पुलिस को खुली चुनौती देता नजर आ रहा है। अब तक हुई तीनों वारदातों के बाद एफआईआर दर्ज हुई है, लेकिन कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

तीन बार हुई चोरी, लाखों का नुकसान

पहली घटना में चोरों ने विद्यालय की दीवार में लगे वायरिंग बोर्ड को क्षतिग्रस्त कर तांबे के तार चुरा लिए। अगली ही रात दोबारा स्कूल में घुसकर साउंड बॉक्स, वेब कैमरा, सीपीयू, टेबल, पंखा और प्रयोगशाला के उपकरणों की चोरी की गई। तीसरी बार चोरों ने स्कूल के 12 कंप्यूटर सेट, वेब कैमरा, सीपीयू, साउंड सिस्टम और सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन तक चुरा लिए। इन तीनों मामलों में वरिष्ठ शिक्षक अनूप लाल सिंह ने थाने में आवेदन दिए, दो एफआईआर दर्ज हुईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई

पढ़ाई प्रभावित, छात्राएं चिंतित

विद्यालय में कक्षा 9वीं और 10वीं की पढ़ाई होती है और कुल 152 छात्राएं नामांकित हैं। चार स्मार्ट क्लास और कंप्यूटर रूम की पूरी तकनीकी व्यवस्था ठप हो गई है। छात्राओं ने कहा है कि कंप्यूटर की पढ़ाई बंद हो गई है और वे चाहते हैं कि पुलिस चोरी हुए सामान की जल्द बरामदगी करे।

प्रबंधन व ग्रामीणों में नाराजगी

प्रधानाचार्य विकास प्रसाद सिंह ने बताया कि कुछ संदिग्धों को थाने ले जाकर पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। एक घड़ी, जो संदिग्ध रूप से घटनास्थल पर मिली थी, अभी तक पुलिस ने जब्त नहीं की। ग्रामीणों ने पंकज मंडल नामक युवक पर संदेह जताया है, जिसे टोटो में सामान ले जाते सीसीटीवी में देखा गया, फिर भी ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

प्रशासन की प्रतिक्रिया

इस पूरे मामले पर कहलगांव एसडीपीओ कल्याण आनंद ने कहा कि दो घटनाओं की एफआईआर दर्ज है, तीसरी की जानकारी मिली है। पुलिस जल्द चोरों की गिरफ्तारी करेगी।

अनुमानित क्षति: लगभग ₹7 लाख

स्कूल प्रशासन के अनुसार अब तक की चोरी में विद्यालय को लगभग 7 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इस मामले ने न सिर्फ विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था बल्कि स्थानीय पुलिस की तत्परता पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।


 

  • ये भी पढ़े..

    विक्रमशिला सेतु पर सड़क हादसा, साइकिल सवार को बचाने में अनियंत्रित हुई बाइक; पति-पत्नी गंभीर घायल

    Share Add as a preferred…

    सजौर बाजार में दुकान लगाने को लेकर विवाद, झड़प के बीच बुजुर्ग की मौत से इलाके में तनाव

    Share Add as a preferred…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *