
सुल्तानगंज (भागलपुर), 10 जुलाई 2025:विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2025 की शुरुआत से पहले अजगैबीनाथ धाम को पूरी तरह से श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए सजाया-संवारा जा चुका है। मेले की भव्यता और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी पूरी कर ली है।
11 जुलाई से आरंभ होने वाले मेले की पूर्व संध्या पर भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने जिला एवं प्रखंड स्तर के अधिकारियों के साथ अजगैबीनाथ गंगा घाट, नमामि गंगे घाट, उद्घाटन स्थल, बस पड़ाव स्थल, सरकारी धर्मशाला समेत विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
कांवरियों के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बताया कि:
- गंगा घाट पर एसडीआरएफ की टीम को तैनात किया गया है ताकि जल सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
- उद्घाटन मंच पूरी तरह तैयार है, और वहां कार्यक्रम की पूरी व्यवस्था की गई है।
- सरकारी धर्मशाला, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय, बिजली आपूर्ति, और विशेष बस रूट जैसी सुविधाओं को दुरुस्त किया गया है।
- खानपान के लिए दर सूची (मूल्य तालिका) निर्धारित की गई है ताकि श्रद्धालुओं से कोई मनमानी शुल्क न लिया जाए।
- महिला कांवरियों की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस बल सहित अपर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
डीएम ने दिए निर्देश, अधिकारी रहे साथ
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित सभी तैयारियां समय पर पूर्ण होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर डीएसपी चंद्र भूषण कुमार, एसडीओ विकास कुमार, नगर सभापति राज कुमार गुड्डू, थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, बीडीओ संजीव कुमार, सीओ रवि कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
श्रावणी मेले के लिए जनता से अपील
प्रशासन ने कांवरियों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और मेले को शांतिपूर्ण व व्यवस्थित बनाने में सहयोग करें।


