पटना, 08 जुलाई 2025 — पटना में हुए व्यवसायी गोपाल खेमका हत्याकांड की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। सोमवार को मुख्य शूटर उमेश उर्फ विजय की गिरफ्तारी के बाद मंगलवार तड़के विकास उर्फ राजा का एनकाउंटर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान राजा ने फायरिंग शुरू कर दी थी, जिसके जवाब में वह मारा गया।
विकास उर्फ राजा का एनकाउंटर: क्या था संबंध खेमका हत्याकांड से?
मालसलामी इलाके में रहने वाला विकास उर्फ राजा पेशेवर अपराधी और शूटर था। हालांकि, पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि उसका इस हत्याकांड में सीधा संबंध अभी तक स्पष्ट नहीं है, लेकिन वह संदिग्ध था और उससे पूछताछ की जानी थी।
शूटर उमेश गिरफ्तार, कई खुलासे
उमेश उर्फ विजय, जो कि दिल्ली में फर्जी नाम से रहता था, को सोमवार को मालसलामी से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने कबूला कि 10 लाख की सुपारी में खेमका की हत्या की गई थी, जिसमें उसे एक लाख एडवांस भी मिला था।
पुलिस ने उसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई बाइक, एक पिस्टल, 80 कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक लाख रुपए नकद बरामद किए हैं।
दिल्ली से हत्या की योजना लेकर आया था उमेश
उमेश 24 जून को दिल्ली से पटना लौटा था और उसी दिन अजय वर्मा समेत चार अन्य को STF ने गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी से पहले वह अजय वर्मा से मिला था, जिससे उसका कनेक्शन स्पष्ट होता है। STF को शक है कि जेल में बंद कुख्यात नियाज से भी उमेश के संबंध थे।
उदयगिरी अपार्टमेंट में छिपा था शूटर
हत्या के बाद उमेश कुछ घंटे के लिए गोपाल खेमका के ही फ्लैट में, उदयगिरी अपार्टमेंट में ठहरा था। यहीं से वह भागकर अपने घर गया। SIT की रेड के दौरान तीन अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, उमेश ने हत्या से पहले अपनी बाइक का नंबर भी हटा दिया था ताकि पहचान न हो सके। CCTV फुटेज के माध्यम से पुलिस ने उसकी पहचान की।
MLC से भी जुड़े हैं तार?
सूत्रों का यह भी दावा है कि उमेश एक MLC का करीबी है। इस कोण से भी पुलिस अब जांच कर रही है। उमेश की गिरफ़्तारी के बाद पटना जंक्शन से एक और संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है।
कैसे मारा गया था गोपाल खेमका?
घटना 4 जुलाई की रात की है जब गोपाल खेमका बांकीपुर क्लब से लौट रहे थे। रामगुलाम चौक स्थित उनके अपार्टमेंट के गेट पर बाइक सवार बदमाश ने सिर में गोली मार दी। उन्हें आनन-फानन में मेडिवर्सल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
CCTV फुटेज में साफ दिखा कि अपराधी खेमका को गोली मारकर फरार हो गया।
जांच जारी, कई एजेंसियां सक्रिय
इस हत्याकांड की जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। STF, पटना पुलिस और खुफिया एजेंसियां मामले की गहनता से पड़ताल कर रही हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डीजीपी विनय कुमार ने भी मामले को गंभीरता से लेने का निर्देश दिया है।


