उप निर्वाचन आयुक्त ने भागलपुर में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा, दिए कार्य में तेजी लाने के निर्देश

भागलपुर | 07 जुलाई 2025: भागलपुर के समीक्षा भवन में भारत निर्वाचन आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त श्री संजय कुमार की अध्यक्षता में भागलपुर और बांका जिले के विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 अभियान को लेकर एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता गणना प्रपत्र के वितरण, संग्रहण और डिजिटल अपलोड की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-भागलपुर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने विधानसभा वार प्रगति रिपोर्ट को पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत किया। इस दौरान सभी निर्वाचन पदाधिकारियों ने अपने क्षेत्रों की अद्यतन स्थिति से उप निर्वाचन आयुक्त को अवगत कराया।

गोपालपुर विधानसभा के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ऋतुराज प्रताप सिंह ने बताया कि उनके क्षेत्र में कुल 265 बीएलओ के माध्यम से 2.19 लाख प्रपत्र वितरित किए गए हैं, जिनमें से 45,000 अपलोड हो चुके हैं।

इसी प्रकार बिहपुर, पीरपैंती, कहलगांव, भागलपुर, सुल्तानगंज और नाथनगर के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों ने भी अपनी विधानसभा क्षेत्र की रिपोर्ट दी।
बांका जिले से अमरपुर, धोरैया, बांका, कटोरिया और बेलहर के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए और कार्य प्रगति की जानकारी दी।

उप निर्वाचन आयुक्त श्री संजय कुमार ने अभियान की सराहना करते हुए निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रपत्रों का त्वरित संग्रहण किया जाए और अपलोडिंग की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने मल्टीपल लॉगिन की प्रक्रिया को ठीक से समझने और बीएलओ को प्रशिक्षित करने पर भी बल दिया।

उन्होंने कहा कि 15 दिन शेष हैं और अब तक 3 करोड़ गणना प्रपत्र संग्रहित किए जा चुके हैं। आयोग बिहार में हो रहे कार्य से संतुष्ट है लेकिन कार्य में और तेजी लाना ज़रूरी है ताकि समयबद्ध ढंग से लक्ष्य प्राप्त हो सके।

इस अवसर पर उप निर्वाचन आयुक्त का स्वागत पौधा और रेशमी अंगवस्त्र देकर किया गया।
धन्यवाद ज्ञापन उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह द्वारा किया गया।


 

  • Related Posts

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *