
हत्या, रंगदारी और लूट के कई मामलों में वांछित था आरोपी, वैशाली से पकड़ा गया
आरा | आरा के चर्चित तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में हुए 10 करोड़ रुपये की डकैती कांड की जांच में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और नगर थाने की संयुक्त कार्रवाई में वैशाली जिले के कुख्यात अपराधी मनीष राय को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मनीष राय वैशाली जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बालादास मठ, वार्ड संख्या-1 का निवासी है और मृत अरविंद राय का पुत्र है। तकनीकी निगरानी के आधार पर उसे वैशाली क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
कई जिलों में गंभीर आपराधिक इतिहास
एसपी राज ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि मनीष राय के खिलाफ हत्या, डकैती, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के तहत दर्जनों मामले दर्ज हैं।
विवरण इस प्रकार है:
- वैशाली जिला:
- नगर थाना में 8 मामले
- सदर थाना में 1 मामला
- महुआ थाना में 1 मामला
- मुजफ्फरपुर जिला:
- कुढ़नी थाना में 1 मामला
- पटना जिला:
- कंकड़बाग थाना में 1 मामला
पुलिस के मुताबिक, यह गिरफ्तारी आरा के बहुचर्चित डकैती कांड में अहम कड़ी जोड़ती है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और डकैती में प्रयुक्त हथियारों व सोने-चांदी की बरामदगी को लेकर जानकारी ले रही है।
अब तक की जांच में प्रगति
इससे पहले भी इस कांड में कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और कई राज्यों में छापेमारी की गई है। अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी और तकनीकी विश्लेषण से पुलिस धीरे-धीरे पूरे नेटवर्क को उजागर कर रही है।


