19 जुलाई को पटना में लगेगा युवा कांग्रेस का रोजगार मेला, 120 से अधिक कंपनियां होंगी शामिल

पटना, 5 जुलाई 2025:बेरोजगारी की मार झेल रहे बिहार के युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय युवा कांग्रेस आगामी 19 जुलाई को पटना के ज्ञान भवन में एक विशाल रोजगार मेले का आयोजन करने जा रही है। इस रोजगार मेले में 120 से अधिक कंपनियों के शामिल होने की पुष्टि की गई है, जहां लगभग 5000 से अधिक युवाओं को मौके पर ही नौकरी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

इस सिलसिले में आज पटना में आयोजित पत्रकार वार्ता में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री उदय भानु चिब, बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री राजेश राम, पूर्व विधान पार्षद प्रेमचंद्र मिश्रा, बिहार युवा कांग्रेस अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीबदास, युवा कांग्रेस प्रभारी मो. शाहिद, दिल्ली युवा कांग्रेस अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा समेत कई नेता मौजूद रहे।

बिहार में रोजगार मेले की जरूरत क्यों?

पत्रकार वार्ता में श्री मो. शाहिद ने कहा, “दिल्ली और राजस्थान में सफल रोजगार मेलों के बाद अब बिहार की बारी है। आज बिहार में पेपर लीक, नियुक्तियों में भ्रष्टाचार और सरकार की निष्क्रियता के चलते युवाओं का भविष्य अधर में है। ऐसे समय में युवा कांग्रेस आगे बढ़कर अवसर दे रही है।”

बिहार युवा कांग्रेस अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीबदास ने कहा, “केंद्र सरकार ने नोटबंदी की, बिहार सरकार ने शराबबंदी की और मिलकर रोजगारबंदी कर दी। लेकिन युवा कांग्रेस ने तय किया है कि हम युवाओं को हाथों-हाथ नौकरी देंगे, वो भी बिना किसी शुल्क के।”

क्या मिलेगा रोजगार मेले में?

राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने बताया कि यह रोजगार मेला राहुल गांधी के विज़न का हिस्सा है। उन्होंने कहा,

बेरोजगारी पर जब सरकारें खामोश हैं, तब युवा कांग्रेस समाधान बन रही है। दिल्ली में हुए रोजगार मेले में 161 कंपनियों ने भाग लिया था, 7000 युवाओं का इंटरव्यू हुआ और 3500 को मौके पर ही नौकरी मिली।

उन्होंने आगे बताया कि पटना में होने वाले इस मेले में फार्मा, IT, मैन्युफैक्चरिंग, सिक्योरिटी, ई-कॉमर्स सहित कई क्षेत्रों की प्रमुख कंपनियां भाग लेंगी। रजिस्ट्रेशन पूरी तरह निशुल्क है और मौके पर ही इंटरव्यू और नियुक्ति की जाएगी।

बेरोजगारी पर युवा कांग्रेस का हमला

पत्रकार वार्ता में यह भी कहा गया कि बिहार आज पलायन का केंद्र बन चुका है। हर तीसरा व्यक्ति बहुआयामी गरीबी से जूझ रहा है। स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के अभाव में प्रदेश पिछड़ता जा रहा है, और सरकारें केवल बयानबाजी तक सीमित हैं।

बिहार कांग्रेस अध्यक्ष का समर्थन

प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा,

जो काम सरकारों को करना चाहिए, वो आज युवा कांग्रेस कर रही है। यह ऐतिहासिक पहल है। मैं बिहार के सभी युवाओं से अपील करता हूं कि 19 जुलाई को ज्ञान भवन, पटना पहुंचें और इस अवसर का लाभ उठाएं।


मुख्य बिंदु:

  • 📍 स्थान: ज्ञान भवन, पटना
  • 📅 तारीख: 19 जुलाई 2025
  • 🏢 कंपनियां: 120+
  • 👥 रोजगार मिलने की संभावना: 5000+ युवा
  • 💼 क्षेत्र: फार्मा, IT, मैन्युफैक्चरिंग, सिक्योरिटी, ई-कॉमर्स आदि
  • 🆓 रजिस्ट्रेशन: पूरी तरह निःशुल्क

रोजगार की तलाश में जुटे बिहार के युवाओं के लिए यह मेला सुनहरा अवसर बन सकता है। अधिक जानकारी के लिए युवा कांग्रेस के आधिकारिक प्लेटफॉर्म या स्थानीय कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।


 

  • Related Posts

    Bihar Diwas 2026: नीली रोशनी में नहाएगा भागलपुर! 22 मार्च से सैंडिस कंपाउंड में ‘बिहार गौरव’ का उत्सव; DM ने अफसरों को दिए ये खास निर्देश

    Share Add as a preferred…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *