बरौनी/कटिहार।राजेंद्र पुल स्टेशन के आउटर सिग्नल के पास गुरुवार देर रात 13247 न्यूजलपाईगुड़ी-राजेंद्र नगर कैपिटल एक्सप्रेस में लूटपाट और मारपीट की बड़ी घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, रात करीब 2:10 बजे ट्रेन के जेनरल बोगी में छह की संख्या में आए बदमाशों ने यात्रियों से मोबाइल फोन, नकदी और अन्य कीमती सामान लूट लिए।
विरोध पर यात्रियों के साथ मारपीट
लूट का विरोध करने पर करीब 15 यात्रियों के साथ लाठी-डंडे से मारपीट की गई। दो यात्रियों को पिस्टल के बट से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद ट्रेन को निर्धारित मार्ग पर रवाना किया गया और सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और GRP ने कार्रवाई शुरू की।
आरपीएफ और GRP की पुष्टि
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन न्यू बरौनी स्टेशन से निकलने के बाद राजेंद्र पुल आउटर सिग्नल के समीप खड़ी थी, तभी यह वारदात हुई। ट्रेन कामाख्या से राजेंद्र नगर टर्मिनल जा रही थी।
एसपी ने दिए जांच के आदेश
कटिहार रेल पुलिस अधीक्षक हरि शंकर कुमार ने बताया कि यह घटना बरौनी रेल थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई है। मामले की जांच के लिए बरौनी रेल डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है, जो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।


