“निश्चय मित्र” अभियान के तहत पीरपैंती में 16 टीबी मरीजों को मिला सहारा

समाज के प्रबुद्ध लोग आगे आकर कर रहे सहयोग, 6 महीने तक मिलेगा पौष्टिक आहार

पीरपैंती (भागलपुर), 1 जुलाई 2025:रेफरल अस्पताल परिसर में मंगलवार को “निश्चय मित्र” अभियान के तहत 16 टीबी मरीजों को गोद लिया गया। इस मानवीय पहल का आयोजन यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. दीनानाथ के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम के दौरान अमर नर्सिंग होम के संचालक अमरनाथ कुशवाहा ने 11 और वर्ल्ड हेल्थ पार्टनर्स (WHP) के फील्ड ऑफिसर संतोष कुमार ने 5 मरीजों को गोद लिया। इन मरीजों को आगामी 6 महीनों तक पौष्टिक आहार के लिए राशन उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार ने इस पहल को “सामाजिक जागरूकता और सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण” बताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अन्य सक्षम और जागरूक लोगों को भी आगे आकर इस अभियान से जुड़ना चाहिए ताकि टीबी से जूझ रहे मरीजों को बेहतर सहायता मिल सके।

कार्यक्रम में WHP के रीजनल मैनेजर धीरज कुमार ने टीबी उन्मूलन को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि टीबी एक संक्रामक बीमारी है, लेकिन समय पर जांच, नियमित दवा और संतुलित पोषण के जरिए इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है।

चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नीरज कुमार राज ने मरीजों को सतर्क करते हुए कहा कि वे किसी भी स्थिति में दवा बीच में न छोड़ें और पूरा कोर्स अवश्य पूरा करें।

कार्यक्रम में एसडीपीओ दो अर्जुन कुमार गुप्ता, मुखिया यादव, समीर सिंह, मोबिन, रहमान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।


निश्चय मित्र अभियान का उद्देश्य टीबी मरीजों को सामाजिक, मानसिक और पोषणात्मक सहयोग प्रदान करना है ताकि वे तेजी से स्वस्थ होकर सामान्य जीवन जी सकें। यह अभियान टीबी मुक्त भारत मिशन का अहम हिस्सा है।


 

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *