सम्राट चौधरी के पलायन रोकने के दावे पर PK का हमला, बोले – 20 साल में नहीं खुली एक भी फैक्ट्री, जनता अब कुर्सी से उतारेगी

सिवान, 1 जुलाई 2025:‘बिहार बदलाव यात्रा’ के तहत जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) आज सिवान जिले के मैरवा पहुंचे, जहां उन्होंने हरिराम हाई स्कूल मैदान में आयोजित ‘बिहार बदलाव सभा’ को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बिहार के उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला।

प्रशांत किशोर ने कहा, “पिछले 20 वर्षों से बिहार में और 11 वर्षों से केंद्र में एनडीए की सरकार है। इतने सालों में न बिहार से पलायन रुका और न ही एक भी कारखाना खुला। अब सम्राट चौधरी कह रहे हैं कि वे 5 साल में पलायन रोक देंगे। क्या जनता इतने वर्षों से इन नेताओं के जुमलों को नहीं पहचान चुकी है?”

उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि “नीतीश कुमार ने पहले ही सम्राट चौधरी का मुरेठा खुलवा दिया था, अब जनता उन्हें कुर्सी से भी उतारने जा रही है।”


‘नेताओं को नहीं, अपने बच्चों के भविष्य को देखकर करें वोट’

सभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने स्थानीय जनता से अपील की कि अगली बार वे लालू, नीतीश और मोदी जैसे नेताओं के चेहरे पर नहीं, बल्कि अपने बच्चों के भविष्य को देखकर वोट दें। उन्होंने कहा कि आज बिहार में व्यवस्था परिवर्तन की जरूरत है, जहां आम आदमी का राज हो, न कि चंद नेताओं का।

“नेताओं के वादे अब खोखले लगते हैं। अगली बार वोट देने से पहले सोचिए कि आपके बच्चों को शिक्षा मिली या नहीं, रोजगार मिला या नहीं। बिहार में सच्चा बदलाव तब होगा जब लोग जाति और पार्टी से ऊपर उठकर अपने बच्चों के हक में फैसला लेंगे।”


‘बदलाव की बयार’ – PK का जनसंवाद जारी

प्रशांत किशोर की यह ‘बिहार बदलाव यात्रा’ लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आम जनता से संवाद कर रही है। सिवान में भी बड़ी संख्या में लोग उनकी सभा में शामिल हुए। उनका यह अभियान बिहार की राजनीति में एक वैकल्पिक आवाज़ के रूप में उभरता दिख रहा है।


 

  • Related Posts

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *