
पटना/सीतामढ़ी।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को घोषणा की कि जगत जननी मां जानकी की जन्मस्थली पुनौराधाम, सीतामढ़ी को समग्र रूप से विकसित किए जाने की महत्वाकांक्षी योजना को राज्य कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है। इस योजना के तहत भव्य जानकी मंदिर सहित विभिन्न संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 882 करोड़ 87 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पुनौराधाम के समग्र विकास के लिए तैयार की गई इस वृहद योजना का कार्य जल्द ही प्रारंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को अगस्त महीने तक शिलान्यास की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “हमलोग पुनौराधाम, सीतामढ़ी में मां जानकी का भव्य मंदिर शीघ्र पूरा कराने हेतु कृतसंकल्पित हैं। इसका विकास अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की तर्ज पर किया जाएगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि पुनौराधाम में जानकी मंदिर का निर्माण देशवासियों के लिए, विशेष रूप से बिहारवासियों के लिए एक गौरव का विषय होगा। यह परियोजना धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगी और स्थानीय विकास में भी सहायक होगी।
ज्ञात हो कि पुनौराधाम को माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है और यहाँ पहले से ही धार्मिक श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। अब इस क्षेत्र को संरचनात्मक और आध्यात्मिक दृष्टि से विकसित किए जाने से इसका महत्व और अधिक बढ़ेगा।



