लखीसराय : हलसी में अनियंत्रित ट्रैक्टर ने दो भाइयों को कुचला, मौत के बाद हंगामा

ग्रामीणों ने की ट्रैक्टर चालक की पिटाई, पुलिस ने बचाकर यज्ञशाला में किया बंद, हवाई फायरिंग कर भीड़ को किया नियंत्रित

हलसी (लखीसराय)। जिले के हलसी थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहद्दीनगर गांव में बुधवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो सहोदर भाइयों की मौत हो गई। अनियंत्रित ट्रैक्टर ने दोनों को कुचल दिया। मृतकों की पहचान सरयुग महतो (60 वर्ष) और दयाल महतो (55 वर्ष) के रूप में की गई है।

घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर जबरदस्त मारपीट की और यज्ञशाला में बंद कर दिया।


पुलिस पर पथराव, हवाई फायरिंग कर किया भीड़ को नियंत्रित

सूचना मिलते ही डायल 112 और हलसी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों से ट्रैक्टर चालक को छुड़ाकर यज्ञशाला में बंद कर दिया। लेकिन गुस्साए ग्रामीणों ने चालक को जान से मारने की धमकी देते हुए विरोध जारी रखा।

पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने पहुंचकर भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने और मोहद्दीनगर मंझवे मार्ग को जाम कर दिया।

इस दौरान कुछ ग्रामीण चालक को मारने के लिए यज्ञशाला में घुस गए। स्थिति बेकाबू होने पर पुलिस ने हवाई फायरिंग की। इसके बाद भी ग्रामीण चालक को छोड़ने के लिए तैयार नहीं हुए।


अधिकारी दल के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत

घटना की सूचना पाकर साइबर डीएसपी अजीत कुमार सिंह चौहान, रामगढ़ चौक थानाध्यक्ष मंटू कुमार, तेतरहट थानाध्यक्ष मृत्युंजय पंडित तथा अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाने का भरसक प्रयास किया।

लगभग पांच घंटे के तनाव और सड़क जाम के बाद सीओ अंजली कुमारी और एसडीएम प्रभाकर कुमार के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।

एसडीएम द्वारा पारिवारिक लाभ योजना की राशि का चेक मृतक के परिजनों को सौंपा गया और अन्य सरकारी सहायता का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त किया।


पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी

पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि मोहद्दीनगर गांव में दो लोगों की मौत हुई है। भीड़ ने चालक की मॉब लिंचिंग की कोशिश की, जिसे पुलिस ने बचाया। भीड़ को नियंत्रित करने और चालक को सुरक्षित निकालने के लिए हवाई फायरिंग की गई।


  • ये भी पढ़े..

    कटिहार रेलवे स्टेशन पर बवाल: राजधानी एक्सप्रेस के आगे ट्रैक पर उतरे परीक्षार्थी, सरकार और रेलवे के खिलाफ नारेबाजी

    Share Add as a preferred…

    विक्रमशिला पुल पर मालवाहक वाहनों के वायरल वीडियो में जांच के बाद पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

    Share Add as a preferred…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *