
सारण (बिहार): जन सुराज अभियान के संयोजक प्रशांत किशोर ने आज लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जन्मस्थली सिताब दियारा से अपनी महत्वाकांक्षी ‘बिहार बदलाव यात्रा’ की औपचारिक शुरुआत की। इस राज्यव्यापी यात्रा के जरिए प्रशांत किशोर अगले 120 दिनों में बिहार की सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर जनता से सीधा संवाद करेंगे।
यात्रा की शुरुआत से पहले प्रशांत किशोर ने ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए सारण जिले के मोहम्मद इम्तियाज के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे सिताब दियारा पहुंचे, जहां उन्होंने जेपी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके पैतृक आवास का दौरा किया।
जेपी के घर की खस्ताहाल स्थिति पर प्रशांत किशोर ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, “जेपी के नाम पर राजनीति करने वाले नेता आज एसी में बैठे हैं, लेकिन सिताब दियारा में लोकनायक का घर अंधेरे में है। सरकार से मांग है कि हमसे चंदा लेकर इस घर में कम से कम बिजली तो पहुंचाएं।” उन्होंने आगे कहा कि वे यहां जेपी के घर की हालत देखने नहीं, बल्कि प्रेरणा लेने आए हैं, और इस स्थिति ने बिहार में बदलाव की उनकी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है।
‘बिहार बदलाव यात्रा’ का उद्देश्य राज्य की जनता को व्यवस्था परिवर्तन, सुशासन और जन भागीदारी की दिशा में जागरूक करना है। प्रशांत किशोर का कहना है कि यह यात्रा सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बिहार को बदहाली से निकालकर एक विकसित राज्य बनाने की दिशा में जन भागीदारी का प्रयास है।
प्रशांत किशोर की यह यात्रा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जन सुराज अभियान की रणनीति का अहम हिस्सा मानी जा रही है, जो बिहार की राजनीति में एक वैकल्पिक और सशक्त मंच के रूप में उभरने का दावा कर रही है।


