पटेल भवन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया गृह एवं आपदा प्रबंधन विभाग का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

पटना, 14 मई 2025:मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को पटेल भवन स्थित गृह विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था की समीक्षा की और आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने गृह विभाग के द्वितीय तल पर स्थित अपने कक्ष में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर पुलिसिंग व्यवस्था की स्थिति जानी। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी कर्मी समय पर कार्यालय आएं और अपने कार्यों का निष्ठा से निष्पादन करें। उन्होंने कहा, “पुलिस पर जनता का भरोसा कायम है, उसे बनाए रखने के लिए पूरी जिम्मेदारी से कार्य करें।”

आपातकालीन संचालन केन्द्र का दौरा
मुख्यमंत्री ने राज्य आपातकालीन संचालन केन्द्र का भी निरीक्षण किया। विकास आयुक्त एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह केन्द्र 24 घंटे संचालित होता है और राज्य भर की मौसम, तापमान एवं आपदा से संबंधित जानकारी लगातार संकलित करता है। मुख्यमंत्री ने इस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि “यह अत्यंत उपयोगी केन्द्र है, इसे और प्रभावी तरीके से चलाया जाए ताकि लोगों को समय पर सही जानकारी मिल सके।”

आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का जायजा
मुख्यमंत्री ने पटेल भवन के 5वें तल पर स्थित बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया। कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक में उन्होंने उपाध्यक्ष, सदस्यों और अन्य अधिकारियों के साथ राज्य में आपदा प्रबंधन की स्थिति और तैयारियों की समीक्षा की। इस अवसर पर आगजनी से बचाव को लेकर तैयार की गई एक जागरूकता वीडियो गीत भी प्रस्तुत की गई।

उपस्थित रहे कई वरिष्ठ पदाधिकारी
निरीक्षण के दौरान जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, आपदा प्रबंधन मंत्री विजय कुमार मंडल, सांसद संजय कुमार झा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया देना जरूरी है। उन्होंने आपदा प्रबंधन के हर पहलू को गंभीरता से लेते हुए तैयारियों को और मजबूत करने पर बल दिया।

  • ये भी पढ़े..

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *