
भागलपुर, 13 मई 2025:खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के अंतर्गत भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड स्थित बैडमिंटन कोर्ट हॉल में बालिका डबल बैडमिंटन प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। इस प्रतिष्ठित मुकाबले में उत्तराखंड की गायत्री रावत और मनसा रावत की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। विजेता टीम को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने अपने कर कमलों से मेडल प्रदान किया।
सिल्वर मेडल तमिलनाडु की अनन्या अरुण और अंजना मणिकंदन को मिला, जिसे साई (SAI) के डिप्टी डायरेक्टर द्वारा प्रदान किया गया। वहीं ब्रॉन्ज मेडल महाराष्ट्र की श्रावणी वालेकर और तारिणी सुरी को जिलाधिकारी ने सम्मानित किया।
बालक डबल वर्ग में भी दिखा दम
बालक डबल प्रतियोगिता में तमिलनाडु के विश्वजीत राज और निरंजन जी एन की जोड़ी ने बाजी मारते हुए गोल्ड मेडल जीता, जो उप विकास आयुक्त (डीडीसी) के द्वारा प्रदान किया गया। सिल्वर मेडल आंध्र प्रदेश के चरण राम टिप्पणा और हरी कृष्ण को मिला, वहीं ब्रॉन्ज मेडल महाराष्ट्र के ओम अतुल गवांडी और सर्वेश महेश यादव को मिला।
मैच में दिखा रोमांच और उत्साह
पूरे मैच के दौरान दर्शक दीर्घा से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया। तालियों की गड़गड़ाहट ने माहौल को जीवंत बनाए रखा। पदाधिकारियों की मौजूदगी और खिलाड़ियों की उम्दा परफॉर्मेंस ने इस आयोजन को भागलपुर के खेल इतिहास में एक यादगार पल बना दिया।


