भारत का पाक आतंकी ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमला – ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में 9 ठिकाने तबाह, पाकिस्तान में मचा हड़कंप

नई दिल्ली, 7 मई 2025 – भारतीय सेना ने एक निर्णायक कदम उठाते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में स्थित आतंकी ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमला किया। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले का जवाब थी, जिसमें 26 निर्दोष नागरिकों की जान गई थी।

भारतीय वायुसेना, थलसेना और नौसेना की संयुक्त कार्यवाही में लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के 9 आतंकी अड्डों को पूरी तरह नेस्तनाबूद कर दिया गया। ये ठिकाने बहावलपुर, मुरीदके, मुजफ्फराबाद और कोटली जैसे इलाकों में स्थित थे, जहां हाफिज सईद और मसूद अजहर जैसे आतंकियों का सक्रिय नेटवर्क बताया जाता है।

भारतीय सीमा से की गई कार्रवाई, 250 से अधिक आतंकी मौजूद

खुफिया सूत्रों के अनुसार, इन अड्डों पर 250 से ज्यादा आतंकी मौजूद थे। ऑपरेशन को भारतीय सीमा के भीतर रहकर अंजाम दिया गया, जिससे अंतरराष्ट्रीय सीमा कानूनों का पालन भी सुनिश्चित किया गया।

पाक में हड़कंप, एयरस्पेस और स्कूल बंद

भारतीय हमले के बाद पाकिस्तान में सुरक्षा एजेंसियों और राजनीतिक नेतृत्व में अफरा-तफरी मच गई। पाकिस्तान ने कराची और लाहौर का हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है। साथ ही पंजाब प्रांत में स्कूल-कॉलेज भी बंद कर दिए गए हैं। पाक मीडिया ने दावा किया कि भारत के दो जेट गिराए गए हैं, जिसे भारत ने सिरे से खारिज किया है।

जवाबी कार्रवाई में भारतीय नागरिकों की जान गई

पाकिस्तान ने इस हमले के बाद पुंछ और राजौरी सेक्टर में गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो गई। इसके जवाब में भारतीय सेना ने पाकिस्तान का एक JF-17 फाइटर जेट मार गिराया।

अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया और पीएम मोदी की निगरानी

भारत ने इस ऑपरेशन की जानकारी अमेरिका, ब्रिटेन, रूस समेत कई देशों को दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं पूरे ऑपरेशन की निगरानी की। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शांति बनाए रखने की अपील की, जबकि संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने सभी पक्षों से सैन्य संयम बरतने की बात कही है।

देश में समर्थन, विपक्ष भी चुप

देश के नेताओं ने सेना की बहादुरी की खुलकर तारीफ की है। बीजेपी नेता कविंदर गुप्ता ने कहा, “यह आतंकियों के मुंह पर तमाचा है।” योगी आदित्यनाथ और हिमंता बिस्वा सरमा ने सेना को सलाम किया। वहीं, जदयू नेता जीएम शाहीन ने भी कहा, “सरकार ने दिखा दिया कि जो कहते हैं, वो करते हैं।”

आगे की रणनीति?

रक्षा विशेषज्ञ ब्रिगेडियर विजय सागर (सेवानिवृत्त) ने इसे केवल पहला चरण बताया है और कहा है कि “अभी और भी ऑपरेशन हो सकते हैं।” भारतीय सेना आज सुबह 10 बजे औपचारिक प्रेस ब्रीफिंग करेगी। इस बीच, श्रीनगर एयरपोर्ट बंद कर दिया गया है और कई उड़ानें रद्द की गई हैं।

  • Related Posts

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *