भागलपुर: स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक, कई केंद्रों पर लापरवाही पर सख्त निर्देश

भागलपुर:समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भव्या पोर्टल पर पंजीकरण, टेली कंसल्टेशन, परिवार नियोजन, और आशा कार्यकर्ताओं के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

भव्या पोर्टल पर 98% पंजीकरण सफलता

बैठक में जानकारी दी गई कि भव्या पोर्टल पर 98% पंजीकरण की उपलब्धि प्राप्त हुई है। जिले में कुल 58,515 प्रविष्टियाँ की गई हैं, जबकि ओपीडी रजिस्ट्रेशन की संख्या 62,651 रही। हालांकि, रंगरा चौक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रविष्टि स्थिति नगण्य पाई गई। कारण पूछने पर बताया गया कि वहां वाई-फाई की समस्या है, जिस पर प्रखंड अनुश्रवण एवं मूल्यांकन सहायक का वेतन स्थगित करने का आदेश दिया गया।

अस्पतालों में औसतन जांच अवधि पर सवाल

भागलपुर सदर, रंगरा चौक, सनहौला और गोपालपुर सीएचसी में मरीज की औसत जांच अवधि 54 से 71 मिनट पाई गई, जबकि भव्या पोर्टल पर यह अवधि 30 मिनट निर्धारित की गई है। इस पर जांच टीम गठित कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया।

टेली कंसल्टेशन और प्रसव पूर्व जांच में प्रगति

टेली कंसल्टेशन के माध्यम से इलाज की स्थिति जिले में संतोषजनक रही। वहीं, प्रसव पूर्व जांच में जिले की उपलब्धि 106% रही।
परिवार नियोजन कार्यक्रम में कुल 79% उपलब्धि पाई गई, हालांकि सुल्तानगंज और शाहकुंड सीएचसी की स्थिति असंतोषजनक रही।

आशा कार्यकर्ताओं का लक्ष्य बढ़ा

बैठक में बताया गया कि अब जिले में 3191 नई आशा कार्यकर्ताओं का चयन किया जाना है, जो पहले के 2435 के लक्ष्य से 876 अधिक है। जिलाधिकारी ने इसके लिए सभी मुखिया को पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए।

वेतन स्थगन की कार्रवाई

गोराडीह और जगदीशपुर सीएचसी की पूरी टीम का वेतन स्थगित करने का आदेश दिया गया, क्योंकि इन केंद्रों ने आंतरिक संसाधनों के लिए मिले आवंटन का उपयोग नहीं किया।

उपस्थित अधिकारी

बैठक में उप विकास आयुक्त श्री प्रदीप कुमार सिंह, सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद, संयुक्त निदेशक नागेंद्र कुमार गुप्ता, स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी और सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी उपस्थित थे।

जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने हेतु प्रशासन लगातार निगरानी और सख्त कदम उठा रहा है।

  • ये भी पढ़े..

    खजाना खाली, घोटाले भारी! तेजस्वी बोले- CMO तक पहुंचा टेंडर घोटाले का नेटवर्क

    Share Add as a preferred…

    सिवान में बेकाबू बालू लदा ट्रैक्टर गुमटी में घुसा, बुजुर्ग की मौत के बाद बवाल; पथराव में ASI समेत दो पुलिसकर्मी घायल

    Share Add as a preferred…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *