भागलपुर, 11 नवंबर 2025:
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के तहत भागलपुर जिले में मतदान पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-cum-जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने संयुक्त रूप से आयोजित प्रेस वार्ता में मतदान की विस्तृत जानकारी साझा की।
भागलपुर में कुल 67.29% मतदान
डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि जिले में कुल 67.29% लोगों ने मतदान किया। उन्होंने कहा कि मतदान शांतिपूर्ण रहा और किसी भी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
विधानसभा-वार मतदान प्रतिशत इस प्रकार रहा:
- 152 – बिहपुर: 65.43%
- 153 – गोपालपुर: 69.19%
- 154 – पीरपैंती (अजा): 71.44%
- 155 – कहलगांव: 72.88%
- 156 – भागलपुर: 56.47%
- 157 – सुल्तानगंज: 65.46%
- 158 – नाथनगर: 70%
पिछले चुनाव की तुलना में इस बार मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
डीएम ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए चुनावी ड्यूटी पर तैनात सभी पदाधिकारियों, पुलिस बल और मतदान कर्मियों, साथ ही भागलपुर के मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।
“जिले में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे” — एसएसपी हृदय कांत
प्रेस वार्ता में वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने बताया कि जिले में मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे—
- सभी बूथों पर पारा-मिलिट्री फोर्स और जिला पुलिस बल की तैनाती
- घुड़सवार पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में गश्ती
- नदी किनारे एवं तटवर्ती क्षेत्रों में मोटर बोट से पेट्रोलिंग
- सातों विधानसभा क्षेत्रों में चौकसी व्यवस्था
एसएसपी ने भी शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मियों और मतदाताओं को धन्यवाद दिया।
भागलपुर में मतदान शांतिपूर्ण, प्रशासन ने जताया संतोष
जिला प्रशासन ने कहा कि इस बार लोगों में मतदान को लेकर उत्साह देखा गया। बढ़ता वोट प्रतिशत लोकतंत्र के प्रति जागरूकता और विश्वास को दर्शाता है।


