भागलपुर, 6 अगस्त 2025 – गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच भागलपुर के बूढ़ानाथ घाट पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के साहेबगंज निवासी रंजन दास का 12 वर्षीय बेटा प्रिंस, जो छठी कक्षा का छात्र था, स्कूल जाने के लिए सुबह 9 बजे घर से निकला था। लेकिन रास्ते में अपने दोस्तों के साथ गंगा घाट पहुंच गया और वहीं नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रिंस पानी में नहाते समय अचानक गहराई में चला गया और किसी चीज में फंस गया। उसके साथ मौजूद अन्य मित्र डर के कारण उसे वहीं छोड़कर भाग निकले।
घटना की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची SDRF टीम ने करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद छात्र के शव को बाहर निकाला।
मामला जोगसर थाना क्षेत्र के बूढ़ानाथ घाट का है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घाट पर सुरक्षा व्यवस्था और बच्चों की निगरानी बढ़ाने की मांग की है।


