भागलपुर जिले के सुल्तानगंज में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने से हालात गंभीर हो गए हैं। अजगैबीनाथ धाम से सटे गनगनिया, महेशी, किशनपुर खैरिया सहित 10 पंचायत पूरी तरह बाढ़ के पानी में डूब चुके हैं।
हजारों एकड़ में लगी धान और सब्ज़ियों की फसल बर्बाद हो गई है। कई गांवों के लोग अपना सामान नाव में लादकर सुरक्षित ठिकानों की ओर जा रहे हैं।
स्थानीय विधायक प्रो. ललित नारायण मंडल ने सीओ रवि कुमार और बीडीओ संजीव कुमार के साथ नाव से बाढ़ग्रस्त इलाकों का निरीक्षण किया। महेशी पंचायत के कल्याणपुर मोतीचक दियारा समेत कई गांवों में उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और राहत सामग्री जल्द पहुंचाने का भरोसा दिया।
“गनगनिया, तिलकपुर, महेशी और किशनपुर पंचायत बुरी तरह बाढ़ की चपेट में हैं। मुख्यमंत्री से आपदा राहत की मांग की गई है, जल्द मदद पहुंचेगी।” — प्रो. ललित नारायण मंडल, विधायक
सीओ ने प्रभावित क्षेत्रों में दो सामुदायिक किचन शुरू करने और नावों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। बीडीओ ने बताया कि बाढ़ पीड़ित परिवारों को सरकारी स्कूलों और ऊंचे स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है।


