मसौढ़ी। पटना-गया रेलखंड के पोठही और नदवां स्टेशन के बीच नीमा हॉल्ट के पास हथियारबंद अपराधियों ने 03263 अप पैसेंजर ट्रेन में 66 वर्षीय जमीन कारोबारी जयप्रकाश सिंह उर्फ भोला शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी।
यह घटना मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे की है।मृतक मसौढ़ी थाने के दहिभत्ता गांव का निवासी बताया जाता है। तारेगना रेल पुलिस ने शव को ट्रेन से बरामद कर उतारा और कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि अपराधी पोठही स्टेशन पर चढ़े और पटना से घर जाने के लिए ट्रेन में सफर कर रहे जमीन कारोबारी जयप्रकाश उर्फ भोला शर्मा को ढूंढ़कर नीमा हॉल्ट के पास गले में सटाकर गोली मार दी। इसमें कारोबारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।


