कोलकाता ने कटाया प्लेऑफ का टिकट, सबसे पहले मारी एंट्री, मुंबई फिर से फ्लॉप

पूरे 10 साल बाद आईपीएल चैंपियन बनने का ख्वाब देख रही कोलकाता नाइट राइडर्स ने इसकी दिशा में एक और कदम बढ़ाया है. श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली कोलकाता इस सीजन के प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है. ईडन गार्डन्स में केकेआर ने बारिश से प्रभावित मैच में मुंबई इंडियंस को 18 रन से हरा दिया. इस तरह सीजन में 9वीं जीत के साथ ही कोलकाता ने प्लेऑफ का टिकट भी कंफर्म कर लिया. वहीं पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी मुंबई की सीजन का अंत दमदार अंदाज में करने की उम्मीदों पर भी पानी फिर गया.

ईडन गार्डन्स में बारिश के कारण मैच तय समय पर शुरू नहीं हो पाया. ठीक पौने दो घंटे की देरी के बाद मुकाबला शुरू हुआ और इसे 16-16 ओवरों का कर दिया गया. कोलकाता पहले बैटिंग करने उतरी और कुछ छोटी लेकिन दमदार पारियों की मदद से 7 विकेट खोकर 157 रन बनाए. इसके जवाब में मुंबई अपने टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों की बुरी तरह नाकामी के कारण सिर्फ 139 रन ही बना सकी.

वेंकटेश-नीतीश की अच्छी पारी

कोलकाता की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और 7 गेंदों के अंदर ही दोनों ओपनर, फिल सॉल्ट और सुनील नरेन पवेलियन लौट गए थे. पांचवें ओवर की पहली गेंद पर कप्तान श्रेयस अय्यर भी चलते बने. यहां से वेंकटेश अय्यर (42) और नीतीश राणा (33) ने एक अच्छी पार्टनरशिप की. दोनों ने मिलकर तेजी से 37 रन जोड़े. अय्यर के आउट होने के बाद नीतीश ने आंद्रे रसेल (24) के साथ 39 रनों की साझेदारी की. आखिर में रमनदीप सिंह (17) और रिंकू सिंह (20) ने तेजी से रन बटोरकर टीम को 157 रन तक पहुंचाया. मुंबई के लिए जसप्रीत बुमराह और पीयूष चावला ने 2-2 विकेट हासिल किए.

ईशान-तिलक चले, बाकी सब फेल

इसके जवाब में मुंबई इंडियंस ने तेज शुरुआत करते हुए 5 ओवरों में ही 59 रन बना लिए थे. ईशान किशन ने सुनील नरेन समेत केकेआर के हर गेंदबाज को निशाना बनाया और तेज बैटिंग की. हालांकि दूसरी ओर से रोहित शर्मा (19 रन, 24 गेंद) काफी मुश्किल में दिखे. नरेन ने पावरप्ले के आखिरी ओवर में ईशान (40) का विकेट हासिल किया और यहीं से कोलकाता की वापसी हुई.

 

इसके बाद तो मुंबई ने लगभग हर ओवर में विकेट गंवाए. रोहित, सूर्यकुमार यादव (11), कप्तान हार्दिक पंड्या (2), टिम डेविड (0) और नेहाल वढेरा (3) बुरी तरह फेल हुए. तिलक वर्मा (32) और नमन धीर (17) ने आखिर में कुछ कोशिश की लेकिन वो काफी नहीं थी. आखिरी ओवर में 22 रनों की जरूरत थी लेकिन हर्षित राणा ने नमन और तिलक को आउट कर मुंबई का खेल खत्म कर दिया. केकेआर के लिए वरुण चक्रवर्ती, आंद्रे रसेल और हर्षित ने 2-2 विकेट हासिल किए.

  • ये भी पढ़े..

    एशियाई एथलेटिक्स में बिहार का ऐतिहासिक जलवा, रोहतास के पीयूष राज ने जीता कांस्य पदक; राज्य के पहले पदक विजेता बने

    Share Add as a preferred…

    IPL 2026 में बिहार का दबदबा: वैभव सूर्यवंशी ने जीते कई बड़े अवॉर्ड, मुकेश, साकिब और अनुकूल ने भी छोड़ी गहरी छाप

    Share Add as a preferred…