नवी मुंबई। वुमेंस प्रीमियर लीग के इतिहास में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की कप्तान स्मृति मंधाना के नाम एक और बड़ा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। WPL 2026 के 11वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उन्होंने 61 गेंदों में 96 रन की शानदार पारी खेली और अपनी टीम को 8 विकेट से जीत दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
हरमनप्रीत कौर का रिकॉर्ड टूटा
बाएं हाथ की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना भले ही शतक से चूक गईं, लेकिन 13 चौकों और 3 छक्कों की मदद से खेली गई 96 रनों की पारी के साथ उन्होंने नया इतिहास रच दिया।
मंधाना अब WPL इतिहास में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर दर्ज कराने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड हरमनप्रीत कौर के नाम था।
2024 में हरमनप्रीत ने किया था कमाल
हरमनप्रीत कौर ने WPL 2024 में 9 मार्च को दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान पर मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए गुजरात जायंट्स के खिलाफ 48 गेंदों में नाबाद 95 रन बनाए थे। उन्होंने 191 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए यह रिकॉर्ड बनाया था, जो अब स्मृति मंधाना ने पीछे छोड़ दिया है।
भारतीय बल्लेबाजों द्वारा WPL में सर्वाधिक स्कोर
| खिलाड़ी | टीम | रन | गेंदें | चौके/छक्के | विपक्षी टीम | वेन्यू | तारीख |
|---|---|---|---|---|---|---|---|
| स्मृति मंधाना | आरसीबी | 96 | 61 | 13/3 | दिल्ली कैपिटल्स | नवी मुंबई | 17 जनवरी 2026 |
| हरमनप्रीत कौर | मुंबई इंडियंस | 95* | 48 | 10/5 | गुजरात जायंट्स | नई दिल्ली | 9 मार्च 2024 |
| दीप्ति शर्मा | यूपी वॉरियर्स | 88* | 60 | 9/4 | गुजरात जायंट्स | नई दिल्ली | 11 मार्च 2024 |
| शेफाली वर्मा | दिल्ली कैपिटल्स | 84 | 45 | 10/4 | आरसीबी | मुंबई | 5 मार्च 2023 |
| स्मृति मंधाना | आरसीबी | 81 | 47 | 10/3 | दिल्ली कैपिटल्स | वडोदरा | 17 फरवरी 2025 |
| शेफाली वर्मा | दिल्ली कैपिटल्स | 80* | 43 | 8/4 | आरसीबी | बेंगलुरु | 1 मार्च 2025 |
| स्मृति मंधाना | आरसीबी | 80 | 50 | 10/3 | यूपी वॉरियर्स | बेंगलुरु | 4 मार्च 2024 |
कप्तानी पारी से आरसीबी मजबूत
स्मृति मंधाना की यह पारी न सिर्फ रिकॉर्ड बुक में दर्ज हुई, बल्कि इससे आरसीबी का आत्मविश्वास भी काफी बढ़ा है। कप्तान के रूप में उनका यह प्रदर्शन टीम को WPL 2026 में खिताब की दौड़ में मजबूत दावेदार बनाता है।


