फारबिसगंज में एनडीए चुनाव कार्यालय के उद्घाटन पर महिलाओं का हंगामा, कुर्सियां उठाकर चल दीं घर

अररिया, 26 अक्टूबर 2025। बिहार में विधानसभा चुनावी सरगर्मी के बीच फारबिसगंज में रविवार को एक अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला। एनडीए के चुनाव प्रधान कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में महिलाओं ने इंतजार से तंग आकर कुर्सियां उठाकर ही निकलना शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार, भाजपा प्रत्याशी विद्यासागर केशरी के एनडीए चुनाव प्रधान कार्यालय का उद्घाटन दीनदयाल चौक, फारबिसगंज में होना था। कार्यक्रम का समय दोपहर चार बजे तय था, लेकिन सुबह से ही ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में महिलाएं और कार्यकर्ता कार्यालय परिसर में पहुंच गए थे।

चार बजे तक जब उद्घाटन शुरू नहीं हुआ और नेतागण मौके पर नहीं पहुंचे, तो महिलाओं में आक्रोश फैल गया। कुछ महिलाओं ने कहा कि उन्हें बताया गया था कि छठव्रतियों के बीच साड़ी, सूप और पूजन सामग्री का वितरण किया जाएगा, इसलिए वे सुबह से बिना भोजन-पानी के बैठी थीं।

जैसे-जैसे समय बीतता गया, नाराज महिलाएं उठ खड़ी हुईं और पंडाल में रखी कुर्सियां उठाकर ले जाने लगीं। कई महिलाएं कुर्सी सिर पर रखकर बाहर निकल गईं। कुछ स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक कई महिलाएं जा चुकी थीं।

खमकोल पोटरी की मधु देवी, सावित्री देवी और कुशमाहा की नम्रता देवी ने कहा कि “हमें बताया गया था कि छठ सामग्री मिलेगी, पर यहां घंटों इंतजार करवाया गया। कुछ लोगों को साड़ी मिली, बाकी खाली हाथ लौटे।”
हरिपुर की चंचला देवी और लक्ष्मी देवी ने कहा कि वे टेम्पो भाड़ा कर फारबिसगंज आई थीं, लेकिन निराश होकर लौटना पड़ा।

महिलाओं के हंगामे की सूचना भाजपा प्रत्याशी विद्यासागर केशरी को तब मिली जब वे जोगबनी में जनसंपर्क अभियान पर थे। सूचना मिलते ही वे करीब एक घंटे की देरी से समर्थकों के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचे और फीता काटकर कार्यालय का औपचारिक उद्घाटन किया।

 

उद्घाटन के दौरान एनडीए घटक दलों के नेता और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें जिला प्रभारी विजय शंकर चौधरी (खोखा बाबू), पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष सुराना, रालोसपा जिलाध्यक्ष विभाष मेहता, हम जिलाध्यक्ष विष्णु ऋषिदेव, विधानसभा प्रभारी रंजीत मिश्रा, नगर अध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे।

घटना के बाद स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया और लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें।


 

  • Related Posts

    मार्च में मौसम का दोहरा असर: कहीं तेज गर्मी तो कहीं आंधी-बारिश का अलर्ट, बिहार समेत कई राज्यों में चेतावनी

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    यूपी में दारोगा बनने का सपना: बिहार के 55 हजार से अधिक युवाओं ने भरा फॉर्म, 14–15 मार्च को होगी परीक्षा

    Share Add as a preferred…

    Continue reading