बिहार में बदलेगा मौसम, 28 जनवरी को उत्तर बिहार में हल्की बारिश की संभावना

पटना: बिहार में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने 28 जनवरी को राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए लोगों को पहले से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, शिवहर और सीतामढ़ी समेत उत्तर बिहार के कुछ जिलों में बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ी नमी

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से वातावरण में नमी बढ़ गई है, जिसका असर अगले 24 घंटे में दिखेगा। खासकर सीमावर्ती जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इसके कारण दिन के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है।

ठंड में हो सकती है बढ़ोतरी

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के वैज्ञानिक आनंद शंकर के अनुसार बादलों की आवाजाही से रात और सुबह के तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है। ठंड का असर खासतौर पर सुबह और देर रात ज्यादा महसूस किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह बारिश तेज नहीं होगी, लेकिन मौसम के मिजाज में बदलाव जरूर आएगा।

किसानों को बरतनी होगी सावधानी

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि हल्की बारिश से रबी फसलों को फायदा मिल सकता है, लेकिन जिन इलाकों में पहले से नमी अधिक है, वहां जलजमाव से बचाव जरूरी है। खुले में काम करने वाले लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

कोई चेतावनी जारी नहीं

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल भारी बारिश, आंधी या तेज हवा को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। 28 जनवरी के बाद धीरे-धीरे मौसम साफ होने और तापमान में हल्के सुधार की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम अपडेट पर नजर रखें, ठंड को देखते हुए बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखें और वाहन चालक कोहरे व फिसलन को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतें।


 

  • Related Posts

    बिहार में हड़ताली राजस्व अधिकारियों पर सरकार सख्त: 25 मार्च तक काम पर लौटने का अल्टीमेटम, नहीं मानने पर सेवा टूट तक की चेतावनी

    Share Add as a preferred…

    Continue reading