
बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शुक्रवार से शुरू हुआ आंधी, बारिश और वज्रपात का दौर शनिवार को भी जारी रहा, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राज्य के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि से भारी नुकसान हुआ है। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 लोग झुलसकर घायल हुए हैं।
राजधानी पटना समेत बगहा, बेतिया, बांका, गोपालगंज, रक्सौल और खगड़िया में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। पटना में तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे, जबकि रक्सौल में जलजमाव की स्थिति बन गई। कई जगहों पर बिजली गिरने से पेड़ों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। किसानों की फसलें भी बर्बाद हो गई हैं।
गया जिले के डुमरिया और वजीरगंज में वज्रपात से दो किसानों की मौत हो गई। जमुई के चकाई में बिजली गिरने से 15 वर्षीय छात्रा की जान चली गई। पटना के मोकामा में ठनका गिरने से 10 मजदूर झुलस गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात है कि सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
अररिया में आंधी के कारण दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि किशनगंज में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की जान चली गई। एक पोल्ट्री फार्म पर बिजली गिरने से करीब 4000 मुर्गियों की भी मौत हो गई। समस्तीपुर, पटना और मुजफ्फरपुर में ताड़ के पेड़ों पर बिजली गिरने से आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं।
खराब मौसम का असर खेती पर भी पड़ा है। तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से मक्का और गेहूं की फसलों को भारी नुकसान हुआ है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
मौसम विभाग ने राज्य के 25 जिलों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट जारी किया है। इनमें 4 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 21 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले 48 घंटों में तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट की संभावना है।
इधर शिवहर जिले में पिछले 24 घंटे से तेज हवा और रुक-रुक कर हो रही बारिश से भारी तबाही हुई है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जलजमाव की समस्या पैदा हो गई है। खेरवा दर्प पंचायत में नवरात्र के लिए बनाया गया पंडाल तेज हवा में गिर गया, हालांकि उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
शिवहर, पिपराही और तरियानी प्रखंड में ओलावृष्टि से गेहूं और मक्का की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। किसानों ने जिला प्रशासन से फसल क्षति का मुआवजा देने की मांग की है।
लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है, जिससे मौसम सुहावना होने के साथ ठंड का एहसास भी होने लगा है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।


