बिहार में 2025 के विधानसभा चुनाव जीतने वाले 42 विधायकों को पटना हाईकोर्ट ने नोटिस जारी किया है। इन विधायकों में सत्ता पक्ष और विपक्ष—दोनों खेमों के नेता शामिल हैं। सभी पर चुनावी हलफनामे में गलत जानकारी देने का आरोप लगाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, चुनाव हार चुके उम्मीदवारों ने विजयी विधायकों के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। गुरुवार को याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने सभी संबंधित विधायकों से जवाब-तलब किया है। मामला फिलहाल न्यायालय में लंबित है।
किन-किन नेताओं के नाम शामिल
जिन विधायकों पर आरोप लगे हैं, उनमें ऊर्जा मंत्री विजेंद्र यादव, पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा, विधायक चेतन आनंद और गोह से विधायक अमरेंद्र प्रसाद समेत कई अन्य पक्ष-विपक्ष के विधायक शामिल हैं।
“हलफनामा दाखिल करेंगे, तब बताएंगे” – तारकिशोर प्रसाद
भाजपा विधायक एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा,
“जब हलफनामा दाखिल करेंगे, तभी कुछ कहा जा सकता है कि मामला क्या है। उच्च न्यायालय में कई तरह के मामले आते रहते हैं। मैं भी पहले ऐसे मामलों का सामना कर चुका हूं, अपनी बात रखेंगे।”
जेडीयू का पलटवार
जेडीयू विधायक विजय सिंह ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा,
“जो हार गए हैं, उनके पास कोई काम नहीं है। विपक्ष के पास कोई विजन नहीं है, इसलिए इस तरह की कार्रवाई कर रहे हैं।”
“जानकारी नहीं छिपाई” – विपक्ष
सीपीआई (माले) विधायक वीरेंद्र प्रसाद ने कहा कि नोटिस का जवाब दिया जाएगा। वहीं आरजेडी विधायक अमरेंद्र प्रसाद ने किसी भी तरह की गलत जानकारी देने से इनकार किया।
उन्होंने कहा,
“जो हमारे विपक्षी हैं, उन्हें यह पच नहीं रहा है कि आम आदमी जीतकर सदन में कैसे पहुंच गया? ऐसे में गलत जानकारी क्यों देंगे?”
2025 विधानसभा चुनाव परिणाम
हालिया विधानसभा चुनाव में एनडीए को 202 सीटों पर जीत मिली, जबकि महागठबंधन को 35 सीटों पर सफलता मिली।
- बीजेपी – 89 सीट
- जेडीयू – 85 सीट
- एलजेपी (आर) – 19 सीट
- हम पार्टी – 5 सीट
- आरएलएम – 4 सीट
- आरजेडी – 25 सीट
- कांग्रेस – 6 सीट
- सीपीआई (माले) – 3 सीट
- सीपीएम और आईआईपी – 1-1 सीट
- एआईएमआईएम – 5 सीट
- बीएसपी – 1 सीट
अब हाईकोर्ट की अगली सुनवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं, जहां विधायकों को अपने हलफनामों से जुड़े आरोपों पर जवाब देना होगा।


