
पटना जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र में अपराधियों का आतंक लगातार बढ़ता नजर आ रहा है. ताजा मामला शुक्रवार सुबह का है, जहां बाइक सवार बदमाशों ने फतुहा के वार्ड पार्षद के पति को निशाना बनाते हुए सोने की चेन और अंगूठी लूट ली. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं.
पिस्तौल दिखाकर की लूट
जानकारी के अनुसार फतुहा के गोविंदपुर मोहल्ला निवासी अनिल कुमार, जो वार्ड नंबर 7 की पार्षद सुनीता गुप्ता के पति हैं, शुक्रवार सुबह करीब 8:20 बजे स्कूटी से पटना जा रहे थे. इसी दौरान दीदारगंज गंगा ब्रिज पुल के पास काले रंग की केटीएम बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उनकी स्कूटी में टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया.
इसके बाद अपराधियों ने पिस्तौल दिखाकर उनके गले से करीब 30 ग्राम वजन की सोने की चेन और 20 ग्राम वजन की सोने की अंगूठी लूट ली. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए.
पीड़ित अनिल कुमार ने बताया कि दोनों अपराधियों की उम्र लगभग 25 से 26 वर्ष के बीच थी और उन्होंने बेहद तेजी से पूरी घटना को अंजाम दिया.
सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी
घटना के बाद पीड़ित ने दीदारगंज थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है. बताया जा रहा है कि लूट की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. इसके बावजूद अब तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.
पुलिस व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था कमजोर साबित हो रही है. व्यस्त सड़क पर सुबह के समय हुई इस वारदात ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
लोगों का आरोप है कि यदि नियमित गश्ती और निगरानी होती, तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.


