पटना, 20 अगस्त 2025।बिहार में चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR-2025) के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या हटवाने के लिए अभी 12 दिन का समय शेष है। निर्वाचन आयोग ने जानकारी दी है कि 1 अगस्त से 20 अगस्त (सुबह 11 बजे तक) बड़ी संख्या में दावे और आपत्तियाँ प्राप्त हुई हैं।
राजनीतिक दलों की भागीदारी
- आयोग के अनुसार अब तक 1,60,813 BLAs (Booth Level Agents) विभिन्न राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों की ओर से नियुक्त किए गए हैं।
- हालांकि, अभी तक किसी भी दल की ओर से कोई दावा या आपत्ति दर्ज नहीं की गई है।
- राष्ट्रीय दलों में बीजेपी (53,338 BLA), कांग्रेस (17,549 BLA) और आरजेडी (47,506 BLA) के अलावा जेडीयू (36,550 BLA) की सक्रिय उपस्थिति रही।
मतदाताओं की ओर से प्राप्त दावे और आपत्तियाँ
- योग्य मतदाताओं को शामिल करने और अयोग्य मतदाताओं को हटाने के लिए सीधे निर्वाचकों से कुल 60,010 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 2,394 का निस्तारण हो चुका है।
- नए मतदाताओं (18 वर्ष या उससे अधिक आयु पूरी करने वालों) से कुल 1,98,660 फॉर्म-6 व घोषणा पत्र प्राप्त हुए हैं।
नियम और प्रक्रिया
- सभी दावे व आपत्तियों का निस्तारण संबंधित ERO/AERO द्वारा 7 दिन की नोटिस अवधि पूरी होने के बाद ही किया जाएगा।
- एसआईआर आदेशों के अनुसार 1 अगस्त 2025 को प्रकाशित प्रारूप सूची से किसी भी नाम को बिना उचित जाँच-पड़ताल और लिखित आदेश के हटाया नहीं जा सकता।
- आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिनके नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, उनकी सूची जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO)/DM की वेबसाइट तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर ईपीआईसी नंबर सहित उपलब्ध है।
दावा करने की प्रक्रिया
- असंतुष्ट व्यक्ति अपने दावे निर्धारित Form-6 और आधार कार्ड की प्रति के साथ प्रस्तुत कर सकते हैं।
- राजनीतिक दलों के BLAs भी निर्धारित घोषणा-पत्र के साथ दावे व आपत्तियाँ दर्ज करा सकते हैं। सामान्य शिकायतों को औपचारिक दावा नहीं माना जाएगा।


